वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, राजस्थान जाने वाले यात्रियों को मिलेगी सीधी रेल सेवा; बाबा खाटू श्याम के दर्शन और विद्यार्थियों को भी होगा लाभ
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
संतरागाछी से जयपुर के बीच शुरू होने जा रही नई साप्ताहिक ट्रेन का 26 अक्टूबर को टाटानगर स्टेशन पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके लिए श्याम भक्त मंडल, जमशेदपुर की ओर से जोरदार तैयारियां की जा रही हैं। टाटानगर से जयपुर के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से कोल्हान के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इस रेल सेवा की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार, ट्रेन सोमवार को संतरागाछी से रवाना होकर मंगलवार को जयपुर पहुंचेगी। टाटानगर स्टेशन पर इसके शाम 5:50 बजे पहुंचने का समय निर्धारित है। फिलहाल यह ट्रेन साप्ताहिक रूप से संचालित होगी।
पवन अग्रवाल ने रेल मंत्री और जनप्रतिनिधियों को दी बधाई
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, श्याम भक्त मंडल भालूबासा के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के पूर्व विधायक प्रतिनिधि पवन अग्रवाल ने जमशेदपुर से जयपुर के लिए नई ट्रेन सेवा शुरू होने पर प्रसन्नता जाहिर की है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक पूर्णिमा साहू को बधाई दी।
पवन अग्रवाल ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के विशेष प्रयासों से कोल्हान के नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि राजस्थान से जुड़ाव रखने वाले लाखों लोग कोल्हान में रहते हैं। ऐसे में सीधी रेल सेवा शुरू होने से उन्हें आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
बाबा खाटू श्याम के दर्शन से लेकर शिक्षा तक मिलेगा लाभ
अग्रवाल ने कहा कि राजस्थान धार्मिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रदेश है। नई ट्रेन सेवा शुरू होने से जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं के लिए प्रसिद्ध बाबा खाटू श्याम के दर्शन करना आसान होगा। इसके अलावा कोटा जैसे प्रमुख शैक्षणिक केंद्र तक पहुंचने में विद्यार्थियों को भी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा से झारखंड के लोगों को राजस्थान की ऐतिहासिक धरोहरों, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन स्थलों तक पहुंचने का बेहतर विकल्प मिलेगा। इससे यात्रियों के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन और आपसी सामाजिक-सांस्कृतिक संपर्क को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
स्वागत समारोह में शामिल होने की अपील
पवन अग्रवाल ने 26 अक्टूबर को टाटानगर स्टेशन पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में श्याम भक्तों और समाज के लोगों से शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नई ट्रेन सेवा की शुरुआत को लेकर लोगों में उत्साह है।
उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल ट्रेन का संचालन सप्ताह में एक दिन होगा। यात्रियों की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए आने वाले दिनों में इसके फेरों की संख्या बढ़ाने की मांग की जाएगी, ताकि कोल्हान के लोगों को जयपुर और राजस्थान के अन्य क्षेत्रों तक आने-जाने के लिए और अधिक सुविधा मिल सके।


































