एक जैसी साड़ियों में दिखीं वीरांगनाएं, सिंदूर लगाकर एक-दूसरे को दिया सुहाग का आशीर्वाद; संगठन को मजबूत बनाने पर जोर
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में अंतर्राष्ट्रीय क्षत्रिय वीरांगना फाउंडेशन की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विजया मिलन समारोह धूमधाम से मनाया गया। सोनारी स्थित होटल कम्फर्ट इन में आयोजित इस समारोह में वीरांगनाओं ने गीत-संगीत, नृत्य और लजीज व्यंजनों के बीच उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम का आयोजन संगठन की अंतरराष्ट्रीय महामंत्री भारती सिंह के निर्देश पर किया गया। समारोह का नेतृत्व सोनारी निवासी वीरांगना रुबी सिंह ने किया, जबकि भारती सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

समारोह में सभी वीरांगनाएं एक जैसी साड़ियों में आकर्षक नजर आईं। कार्यक्रम की शुरुआत जूस के साथ हुई। इसके बाद पनीर चिल्ली और हरा-भरा कबाब सहित विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लिया गया। गीत-संगीत की धुन पर वीरांगनाओं ने जमकर नृत्य किया और आपसी मेल-मिलाप के बीच समारोह को यादगार बनाया।
सिंदूर लगाकर एक-दूसरे को दिया सुहाग का आशीर्वाद
विजया मिलन समारोह के दौरान वीरांगनाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सुहाग का आशीर्वाद दिया। इस पारंपरिक आयोजन ने समारोह में आत्मीयता और उत्साह का माहौल बनाया। इसके बाद सभी ने एक साथ बैठकर विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया।
संगठन को मजबूत बनाने पर जोर
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय महामंत्री भारती सिंह ने संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आगामी बैठक में संगठन का वार्षिक आय-व्यय बजट प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि आर्थिक मामलों में पारदर्शिता बनी रहे और किसी के मन में कोई संदेह न रहे। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन की ओर से वर्षभर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को भविष्य में और बेहतर तरीके से संपन्न कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में रजनी सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने समारोह में शामिल सभी वीरांगनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
ये वीरांगनाएं रहीं मौजूद
समारोह में विभा सिंह, शीला सिंह, रिद्धि सिंह, खुशबू सिंह, माला सिंह, बिंदू सिंह, आशा सिंह, मोनिका सिंह, सुनीता सिंह, संजू सिंह, संतोषी सिंह, प्रीति सिंह, रानी सिंह, रुबी सिंह, मीनी सिंह, नीलम सिंह, प्रतिभा सिंह, लता रंजन, शीतल तोमर, आरती सिंह, गायत्री सिंह और बबली सिंह सहित अन्य वीरांगनाएं उपस्थित रहीं।


































