जमशेदपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने वाले कर्मयोगियों के योगदान को किया नमन, कुणाल षाड़ंगी सहित गणमान्य लोगों ने बढ़ाया उत्साह
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर।ल में दीपावली के पावन अवसर पर EYA Foundation Jamshedpur की ओर से शहर के 110 सफाई कर्मियों के बीच दीपावली किट का वितरण किया गया। इस पहल के माध्यम से जमशेदपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में दिन-रात जुटे सफाई कर्मियों के प्रति सम्मान, आभार और कृतज्ञता व्यक्त की गई।
जमशेदपुर के संस्थापक स्वर्गीय जमशेदजी टाटा ने एक स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर का सपना देखा था। वर्षों से सफाई कर्मी अपनी मेहनत, निष्ठा और समर्पण के साथ इस सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इन्हीं कर्मयोगियों के योगदान को सम्मान देने और उनकी दीपावली को खुशियों से भरने के उद्देश्य से EYA Foundation ने यह विशेष पहल की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, टाटा स्टील UISL श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय तथा समाजसेवी इंदरजीत सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने सफाई कर्मियों को दीपावली किट प्रदान कर उनका सम्मान किया और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में उनके योगदान की सराहना की।
सफाई कर्मियों के योगदान को सम्मान देना हमारा दायित्व : दीपक मिश्रा
इस अवसर पर EYA Foundation के संस्थापक दीपक मिश्रा भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सफाई कर्मियों का योगदान अतुलनीय है। जमशेदजी टाटा ने जिस शहर का सपना देखा था, उसे साकार करने में इन कर्मयोगियों की वर्षों की मेहनत और समर्पण शामिल है।
दीपक मिश्रा ने कहा, “हम सभी टाटा स्टील में कार्यरत रहते हुए जमशेदजी टाटा के विचारों और मूल्यों से प्रेरणा लेते हैं। दीपावली के अवसर पर इन कर्मयोगियों के चेहरे पर मुस्कान लाना और उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करना हमारी एक छोटी-सी कोशिश है।”
उन्होंने बताया कि EYA Foundation से जुड़े अधिकांश सदस्य टाटा स्टील में कार्यरत हैं। अपने पेशेवर दायित्वों के साथ-साथ ये सदस्य सामाजिक जिम्मेदारियों को भी पूरी निष्ठा से निभाते हैं और समय-समय पर समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सेवा एवं सहयोग के कार्य करते रहते हैं।
फाउंडेशन के सदस्यों का रहा महत्वपूर्ण योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में EYA Foundation के सदस्य सुमित सुमन, राहुल सिंह (चिक्कू), जीतू, अभिषेक झा, लव सिंह, अनुराग तिवारी, अनुराग सिंह, अमित पांडेय, योगांतर, ऋत्विक, संजय एवं हरिपाल सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
EYA Foundation का मानना है कि समाज में योगदान देने वाला हर व्यक्ति सम्मान का हकदार है। दीपावली किट वितरण की यह पहल केवल उपहार देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन हाथों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का प्रयास है, जो प्रतिदिन हमारे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखते हैं।


































