- संस्था के संस्थापक मानिक मलिक ने घर पहुंचकर जाना हालचाल
- जिला परिषद सदस्य पूर्णिमा मलिक के सहयोग से मिली राहत
- व्हीलचेयर मिलने से शकुंतला पात्रो को मिली राहत, सेवा ही लक्ष्य ने दिखाई संवेदनशीलता
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में सेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए सेवा ही लक्ष्य संस्था ने जरूरतमंद महिला की मदद के लिए सराहनीय पहल की है। उत्तरी करनडीह पंचायत अंतर्गत प्रमथनगर में श्यामा प्रसाद स्कूल के समीप रहने वाली शकुंतला पात्रो कुछ दिनों पूर्व अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण पैरालिसिस (लकवा) के अटैक से पीड़ित हो गई थीं। इसके बाद से उन्हें चलने-फिरने और दैनिक कार्यों के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों के माध्यम से उनकी परेशानी की जानकारी मिलने पर सेवा ही लक्ष्य संस्था के संस्थापक मानिक मलिक उनके आवास पहुंचे। उन्होंने शकुंतला पात्रो से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उनकी स्थिति को देखते हुए संस्था की ओर से तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सावनाडीह में माझी-परगना हाउस एवं धुमकुड़िया भवन का शिलान्यास, तीन करोड़ रुपये होंगे खर्च
पूर्णिमा मलिक के सहयोग से उपलब्ध कराई गई व्हीलचेयर, परिजनों ने जताया आभार
शकुंतला पात्रो की परेशानी को देखते हुए सेवा ही लक्ष्य संस्था एवं जिला परिषद सदस्य पूर्णिमा मलिक के सहयोग से उन्हें एक व्हीलचेयर भेंट की गई। इससे अब उन्हें आने-जाने और दैनिक गतिविधियों में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है। इस मानवीय पहल से शकुंतला पात्रो और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली। इस अवसर पर संस्था की ओर से कहा गया कि जरूरतमंदों की सेवा करना और समाज के असहाय एवं परेशान लोगों की मदद करना ही संगठन का मुख्य उद्देश्य है। संस्था आगे भी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास करती रहेगी। कार्यक्रम में कुसो बेहरा, कृष्णा पात्रो, आलोक डे, मिलन मजूमदार, सोनू दास, राकेश दास और आदिल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

































