फतेह लाइव, रिपोर्टर.
शहर में अवैध निर्माण और नक्शा विचलन कर बनाई जा रही इमारतों के खिलाफ जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) ने अपना कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। बुधवार को जेएनएसी की टीम ने सोनारी क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बन रहे भवन को ध्वस्त कर दिया।
उप नगर आयुक्त के आदेश पर हुई कार्रवाई
यह अभियान जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार के निर्देश पर चलाया गया। प्रशासन को सूचना मिली थी कि सोनारी स्थित पोस्ट ऑफिस के पास होल्डिंग नंबर 152 में बिना किसी आधिकारिक अप्रूवल और नक्शा पास कराए निर्माण कार्य धड़ल्ले से जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई का निर्णय लिया।
मौके पर मौजूद रहे अधिकारी
कार्रवाई के दौरान जेएनएसी की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुँची। इस अभियान का नेतृत्व मुख्य रूप से अपूर्वा तोमर (टाउन प्लानर),
जॉय गुड़िया (सिटी मैनेजर), तनीश हंस (विशेष पदाधिकारी)
अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
प्रशासनिक टीम ने सोनारी पोस्ट ऑफिस के समीप सुलेमान केरकेट्टा (होल्डिंग नंबर 152) के अवैध निर्माण स्थल पर पहुँचकर काम को रुकवाया और बिना अप्रूवल के बनाए जा रहे ढांचे को ध्वस्त कर दिया।
और तेज होगी कार्रवाई
इससे पहले धातकीडीह क्षेत्र में भी नक्शा विचलन के खिलाफ ऐसी ही कार्रवाई की गई थी। जेएनएसी ने स्पष्ट किया है कि शहर में बिना स्वीकृत नक्शे या नक्शे के विपरीत (विचलन) किए जा रहे किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे अवैध निर्माणों को चिह्नित कर कार्रवाई तेज की जाएगी।

