- एनडीए परीक्षा में सफलता प्राप्त करने पर परिवार और समुदाय से मिली बधाई
फतेह लाइव, रिपोर्टर
आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व बड़ा बाबू अरविंद सिंह की नतिनी, अद्या सिंह, नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) परीक्षा में ऑल इंडिया 136वीं रैंक हासिल कर झारखंड की पहली महिला उम्मीदवार बन गईं. महिला कैडेट्स में उन्हें 15वीं रैंक प्राप्त हुई है. इस बड़ी उपलब्धि के बाद दो दिन पहले अद्या अपने नाना के घर आदित्यपुर स्थित कल्पनापुरी पहुंची, जहां कॉलोनी वासियों ने दीपावली का त्योहार मनाकर उनका स्वागत किया. कॉलोनी के लोगों ने अद्या को बधाई और शुभकामनाएं दीं. अद्या ने इस सफलता का श्रेय अपनी मां शशि रेखा और मामा रवि शेखर सिंह को दिया, जिनकी प्रेरणा ने उसे डिफेंस एकेडमी जॉइन करने और देश की रक्षा के लिए समर्पित होने की भावना दी.
इसे भी पढ़ें : MIT Jamshedpur : MIT जमशेदपुर के छात्रों ने जेईई मेन्स 2025 में रचा इतिहास
आद्या सिंह का शानदार मार्गदर्शन, महिलाओं के लिए प्रेरणा
अद्या सिंह ने बताया कि उनकी मां ने हमेशा घर पर पढ़ाई में फोकस करवा कर उन्हें सफलता की राह दिखाई. इसके अलावा, अद्या सिंह बैडमिंटन की राष्ट्रीय खिलाड़ी भी रह चुकी हैं और कई राष्ट्रीय पुरस्कार भी प्राप्त कर चुकी हैं. उन्होंने कहा कि लड़कियों को देश सेवा की भावना के साथ एनडीए से जुड़ना चाहिए. अपने गुरुजनों, माता-पिता के आशीर्वाद और अनुशासन के साथ पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करते हुए सफलता प्राप्त की जा सकती है. अद्या सिंह ने लखनऊ में डिफेंस की तीन महीने की तैयारी भी की थी, जो उनकी सफलता में अहम रही.


