फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। चुना भट्टी के पास स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान पर कुछ युवकों ने अचानक गोलियां चला दीं। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे चार युवक संजय इलेक्ट्रॉनिक्स नामक दुकान पर पहुंचे। सभी युवकों ने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे। दुकान पर पहुंचते ही युवकों ने अचानक तीन राउंड फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के दौरान दुकान में मौजूद रवि कुमार पर गोली चलाने की बात सामने आई है। रवि कुमार ने बताया कि वह रोज की तरह दुकान में काम कर रहे थे। इसी दौरान चार युवक आए और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। स्थिति को भांपते हुए उन्होंने तुरंत टेबल के पीछे छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई।

रवि कुमार के अनुसार कुछ दिन पहले हरिओम नगर में एक पार्टी के दौरान ऋषि, सानू, अमन और साहिल सोनकर के साथ आपसी झड़प हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि उसी पुरानी रंजिश को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद कर लिए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version