फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर में आजसू पार्टी ने नगर निकाय चुनाव को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। आजसू जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने घोषणा की है कि जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह एवं मानगो नगर निगम के मेयर पद के लिए भाजपा प्रत्याशी संध्या सिंह को आजसू पार्टी का पूर्ण समर्थन रहेगा।
कन्हैया सिंह ने कहा कि आजसू पार्टी दोनों प्रत्याशियों को तन-मन-धन से सहयोग करेगी और उनकी जीत सुनिश्चित कराने के लिए पूरी ताकत झोंक देगी। उन्होंने कहा कि रिंकू सिंह और संध्या सिंह जनता के बीच मजबूत पकड़ रखते हैं और क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।
आजसू जिला अध्यक्ष ने आगे कहा कि नगर निकायों में मजबूत नेतृत्व की आवश्यकता है, ताकि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। उन्होंने विश्वास जताया कि आजसू और भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की यह साझा लड़ाई विकास को नई गति देगी।
कन्हैया सिंह ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर आजसू पार्टी के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को चुनावी पर्व में पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ सहयोग करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनसंपर्क करेंगे और पार्टी की नीतियों व प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाएंगे।
इस मौके पर आजसू कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई। कन्हैया सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से दोनों प्रत्याशी भारी मतों से विजयी होंगे।


