फतेह लाइव, रिपोर्टर.
आदित्यपुर. सूर्य उपासना के महान पर्व चैती छठ पूजा को लेकर आदित्य सिंडिकेट में आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला. मंगलवार की संध्या अपार्टमेंट की छत पर बनाये गये कृत्रिम घाट पर वतियों समेत दूसरी महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया.
इससे पहले अपार्टमेंट की छत पर बनाये गये कृत्रिम घाट की सुबह से ही साफ-सफाई की गयी. स्वच्छता के साथ ही यहां सजावट का विशेष ध्यान रखा गया था. यहां वातावरण में भक्तिमय माहौल बना हुआ था. सूर्यास्त का समय निकट आते ही व्रती पारंपरिक वेशभूषा में छत पर बने कृत्रिक घाट पर पहुंचे.
छठ माई के गीतों के बीच भगवान भास्कर एवं छठी मैया की पूजा-अर्चना कर अर्घ्य अर्पित किया गया. इस दौरान व्रतियों ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगलमय जीवन की कामना की.
सबसे कठिन व्रतों में से एक छठ पर वर्ती 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखकर भगवान सूर्य की उपासना करते हैं. खरना के बाद शुरू हुए इस कठोर व्रत में व्रती पूरी निष्ठा और नियम के साथ पूजा-अर्चना में लीन रहते हैं. अब आज उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय इस महापर्व का समापन हो जायेगा.

