फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है. कोर्ट के पास रहने वाले अधिवक्ता आदित्य राय ठगों के जाल में फंस गए, जहां फेसबुक पर एक अज्ञात लिंक पर क्लिक करना उन्हें भारी पड़ गया. ठगों ने उनके बैंक खाते से 60 हजार से अधिक रुपये की अवैध निकासी कर ली.
पीड़ित आदित्य राय ने इस संबंध में सीतारामडेरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि मंगलवार को वह अपने मोबाइल फोन पर फेसबुक चला रहे थे. इसी दौरान एक अंजान लिंक सामने आया, जिस पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल फोन अचानक बंद हो गया. काफी देर तक कोशिश करने के बावजूद फोन चालू नहीं हुआ. इसके बाद वह मोबाइल मरम्मत कराने एक दुकानदार के पास पहुंचे. मरम्मत के बाद जैसे ही मोबाइल चालू हुआ, उनके मोबाइल पर बैंक से खाते से रुपये कटने के मैसेज आने लगे.
आदित्य के अनुसार उनके बैंक खाते में कुल 60,211 रुपये जमा थे, जिसमें से ठगों ने मात्र 11 रुपये छोड़कर बाकी सारी रकम निकाल ली. ठगी की इस घटना से वह पूरी तरह हैरान रह गए. मामला यहीं खत्म नहीं हुआ, बल्कि कुछ देर बाद एक युवक का फोन उनके पास आया, जिसने उल्टा आदित्य पर ही उसके खाते से पैसे निकालने का आरोप लगाया.
