फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के परसुडीह थाना इलाके के कीताडीह राजू बागान के पास राजद नेता के बेटे रवि यादव पर 5 अगस्त को फायरिंग करने वाले मुख्य शूटर नेहाल तिवारी ने अपने साथी रेहान खान के साथ जमशेदपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस के बढ़ते दबाव के बाद आरोपियों ने यह कदम उठाया. नेहाल कीताडीह पोस्ट ऑफिस के पास तो रेहान खान मनसा मंदिर के पास का रहने वाला है. इसके बाद पुलिस ने चैन की सांस ली, हालांकि पुलिस अब इस मामले में आरोपियों को रिमांड पर लेकर घटना के अनछुए राज निकालने की तैयारी कर रही है. रवि यादव के मारपीट की पुरानी घटनाओं के संदिग्ध युवकों से अभी भी पूछताछ करने में लगी हुई है.
इधर, सूत्रों के अनुसार मंगलवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण करने के दौरान तीसरा नामजद आरोपी कीताडीह निवासी योगेश साव भी उनके साथ आया था. अधिवक्ता उन्हें दो नंबर गेट से अंदर कराने की जुगत में थे, लेकिन तभी यहां आरोपियों के कोर्ट में सरेंडर करने की सूचना पर पुलिस टीम भी आ गई. उस वक्त यहां पुलिस ने उठाने की कोशिश की, लेकिन हंगामा होने पर वह विफल हो गई. इसी बात का फायदा उठाकर योगेश वहां से भाग निकला. पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने कोर्ट में हंगामा किया था. पुलिस ने बताया कि नेहाल तिवारी ने गोली चलाई थी. रेहान खान रेकी की भूमिका में था. अब इन्हें रिमांड पर लिया जायेगा और घटना के मुख्य कारणों से भी पर्दा उठाया जायेगा.
मालूम हो कि रवि यादव पर पुरानी मारपीट की घटनाओं की रंजिश में गोली चालन की घटना होने की बात अब तक सामने आई है. नेहाल और रेहान खान से भी रवि की मारपीट हुई थी. घटना में छह गोलियां रवि को लगी थी. वर्तमान में वह स्थिर है और अस्पताल में है. अब तक शहर में इस घटना की चर्चा खासकर बागबेड़ा, किताडीह में जोरों से चल रही है. सूत्र यह भी बताते हैं कि रवि की अस्पताल तक भी रेकी हुई थी, लेकिन उससे पहले पुलिस ने साथियों को गिरफ्तार करके सोमवार को जेल भेज दिया. पुलिस की दबिश के कारण वे दोबारा अनहोनी करने में नाकाम हो गए.
