किराया वृद्धि वापस कराने के लिए आर-पार करने को तैयार हैं दुकानदार, जेएनएसी हमें कमजोर नहीं समझे : मंटू
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर ऑल मार्केट एसोसिएशन के आह्वान पर जमशेदपुर शहर के 10 बाजारों के सैकड़ों दुकानदारों ने मंगलवार को जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के सामने तम्बू लगाकर पूर्व सूचना के आधार पर एक दिवसीय धरना दिया एवं प्रदर्शन जोरदार किया. इस मौके सभी ने जेएनएसी द्वारा किराया वृद्धि के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया तथा जेएनएसी प्रशासन के विरोध में ‘हिटलरशाही नहीं चलेगी, अफसरशाही नहीं चलेगी, व्यापारी एकता जिन्दाबाद, किराया वृद्धि वापास लो’ आदि नारों के साथ विरोध प्रकट किया.
मांग पूरी नहीं हुई तो न्यायलय जाने की चेतावनी
कार्यक्रम का नृतत्व संस्था के अध्यक्ष हरविंदर सिंह मंटू एवं महासचिव नसीम अंसारी ने संयुक्त रूप से किया. इस मौके पर हरविंदर सिंह ने कहा कि जेएनएसी के पदाधिकारी दुकानदारों को मानसकि रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं. 2022 में भी किराया वृद्धि कर व्यापारियों को मानसिक प्रताड़ना दी गयीं, विरोध के बाद किराया वृद्धि पर रोक लगा दिया गया था, परन्तु पुनः वही स्थिति दुकानदारों के बीच में लाकर खड़ा कर दी गई है. हम नहीं चाहते हैं कि धरना प्रदर्शन करें, परन्तु जेएनएसी व्यापारियों को कमजोर न समझे, अगर मांग पूरी नहीं हुई तो यह आंदोलन निरंतर चलता रहेगा, जरूरत पड़ी तो न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जायेगा.
टाल मटोल कर रहे हैं उप नगर आयुक्त
महासचिव नसीम अंसारी ने कहा कि हमारी बहुत छोटी मांग है कि दुकानों का किराया किस नियम-कानून, संवैधानिक अधिकार एवं किसके आदेश पर बढ़ाया गया, जिसकी कॉपी जेएनएसी उपलब्ध कराये. परन्तु जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कॉपी देने में टाल मटोल कर रहे हैं. इससे यह साफ जाहिर होता है कि किराया वृद्धि में किसी भी नियम कानून का पालन नहीं किया गया है. अफसरशाही के अंदाज में दुकानदारों पर किराया थोप दिया गया है, जिसका जमशेदपुर ऑल मार्केट एसोसिएशन पूरजोर विरोध करती है.
उन्होंने कहा कि पूर्व में टाटा स्टील ने कभी भी दुकानदारों को इतना परेशान नहीं किया था, परन्तु अफसर शाही इतना हावी है कि वे खुद को सभी नियम कानून से उपर समझ रहे हैं एवं दुकानदारों को आंदोलन के लिए मजबूर कर रहे हैं. अंत में धन्यवाद ज्ञापन राजेश गुप्ता ने किया.
धरना प्रदर्शन में ये रहे शामिल
कार्यक्रम में मुख्य रूप से बृजेश गोहिल, रंजीत सिंह, निखिल कुमार, सुभाष उर्फ काले, धर्मश कुमार, शंकर प्रसाद, संतोष अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, ताराशंकर ने अपनी बातें रखी तथा सोमनाथ तिवारी, प्रकाश भाई, रवि महाराज, सरवर आलम, गोपाल सिंह, दीपक केसरी, मो. फैयाज, उमाशंकर, विमल प्रसाद, गोपाल प्रसाद, मो. जुबैर, विजय गुप्ता, संजय कुमार गुप्ता, संजय कुमार, संतोष पासवान सहित सैंकड़ों दुकानदार उपस्थित थे.
बुधवार को सौंपा जायेगा ज्ञापन
मंगलवार को आयोजित धरना प्रदर्शन के दौरान जेएनएसी के किसी पदाधिकारी के उपस्थित नहीं होने के कारण आज बुधवार को एक प्रतिनिधिमंडल दोपहर 12.30 बजे मांग का ज्ञापन सौंपेंगे. दस बाजारों के प्रभावित दुकानों की संख्या 7818 है. इनमें साकची, कदमा, सोनारी, धतकीडीह, बिष्टुपुर, बारीडीह, गोलमुरी, सिदगोड़ा, कालीमाटी, बर्मामाईन्स के दुकानदार शामिल हैं.

