फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

भाजपा जमशेदपुर महानगर के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा को निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। सुधांशु ओझा पूर्व जिलाध्यक्ष थे. कई विवादित बयान देना और फिर माफी मांगना उनकी आदत थी. संगठन को उससे बहुत चोट पहुंच रही थी. उनका दो साल का कार्यकाल 28 जनवरी को पूरा होना था. उससे पहले ही भाजपा परिवार ने उनकी छुट्टी कर दी. संजीव सिन्हा सोनारी मंडल अध्यक्ष रहे. अभी जिला में उपाध्यक्ष थे. खैर,अब जाहिर है उनसे जुड़े लोगों को भी महत्वपूर्ण पदों से हटाया जायेगा. भाजयुमो जिलाध्यक्ष भी लाइन में हैं. वह अपने लोगों में कई दिनों से अफवाह फैला रहे हैं कि अब प्रदेश में जायेंगे?

बहरहाल, सुधांशु ओझा मंडल अध्यक्ष के निर्वाचन को लेकर भी खूब विवादों में आये थे. उनकी पार्टी कार्यकर्त्ताओं में ही पूछ ना के बराबर थी. कई मामले हैं जो उन्हें विवादों से घेर कर रखे हुए थे. वैसे इन पंद्रह सालों में कोई भी जिलाध्यक्ष दो बार अपनी पारी नहीं खेल सका है. श्रीवास्तव जी की बात करें तो वह दूसरी बारी अध्यक्ष बने थे. भाजयुमो के नेता भी खूब नेतागिरी करने के कारण चर्चा में रहे हैं.

खैर, सुधांशु ओझा ने नए अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि संजीव सिन्हा का संगठनात्मक अनुभव और कार्यकर्ताओं से जुड़ाव पार्टी के लिए संबल सिद्ध होगा. सुधांशु ओझा ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि संजीव सिन्हा के नेतृत्व में भाजपा जमशेदपुर महानगर संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा पार्टी की नीति, सिद्धांत और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य और मजबूती से होगा.

उन्होंने कहा कि संगठन पर्व के तहत हुए इस निर्वाचन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और आने वाले समय में भाजपा एकजुट होकर संगठनात्मक और जनसेवा के कार्यों में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी.

संजीव सिन्हा ने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास से की मुलाकात, लिया आशीर्वाद

इधर, भाजपा जमशेदपुर महानगर के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने शनिवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता रघुवर दास से उनके एग्रिको स्थित आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की और उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया. इस अवसर पर संजीव सिन्हा के साथ कई जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष भी मौजूद रहे.

मुलाकात के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने संजीव सिन्हा को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया, मिठाई खिलाकर बधाई दी एवं उनके सफल और प्रभावी कार्यकाल की शुभकामनाएं प्रेषित की।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा एवं जिला पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त करने, कार्यकर्ताओं में ऊर्जा और समन्वय बनाए रखने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया.

वहीं, जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अनुभव और दिशा-निर्देश संगठन को मजबूती देने में सहायक सिद्ध होंगे.

इस दौरान जिला पदाधिकारी बबुआ सिंह, राजीव सिंह, संजीव सिंह, पप्पू सिंह, जितेंद्र राय, प्रेम झा, बिनोद सिंह, उज्ज्वल सिंह, भाजपा बारीडीह मंडल अध्यक्ष कुमार अभिषेक, सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, कंचन दत्ता समेत कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.

पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव ने दी बधाई

भाजपा जमशेदपुर महानगर के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा को पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी है. अपने शुभकामना संदेश में गुंजन यादव ने कहा कि उपाध्यक्ष के रूप में संजीव सिन्हा ने उनके कार्यकाल में संगठन को अपेक्षित और प्रभावी सहयोग दिया. उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें खुशी और गर्व है कि उनके कार्यकाल में उपाध्यक्ष रहे संजीव सिन्हा को भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है. उन्होंने विश्वास जताया कि संजीव सिन्हा के कुशल और सशक्त नेतृत्व में संगठन को नई धार मिलेगी एवं भाजपा जमशेदपुर महानगर अधिक प्रभावी, संगठित और जनोन्मुखी रूप से कार्य करेगी.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version