फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर, बोकारो जिले के चंद्रपुरा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार त्रिलोचन सिंह एवं कोषाध्यक्ष सरदार मनदीप सिंह का जमशेदपुर आगमन पर सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) कार्यालय में गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर दोनों अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
जानकारी के अनुसार, सरदार त्रिलोचन सिंह और मनदीप सिंह एक पारिवारिक विवाद के समाधान के सिलसिले में जमशेदपुर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सीजीपीसी कार्यालय का भी दौरा किया, जहां कमेटी द्वारा संचालित सामाजिक एवं जनसेवा गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
सीजीपीसी की ओर से शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में संचालित ‘लंगर सेवा’ और अन्य जनकल्याणकारी कार्यों से दोनों अतिथि काफी प्रभावित हुए। उन्होंने संस्था की सेवाभावना की सराहना करते हुए कहा कि समाजहित में इस प्रकार की पहल अनुकरणीय है। उन्होंने सीजीपीसी की पूरी टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए जनसेवा के इस अभियान को प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह, चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह, कोषाध्यक्ष गुरनाम सिंह बेदी, वरीय सलाहकार परविंदर सिंह सोहल, सुखदेव सिंह बिट्टू, दर्शन सिंह काले, अमृतपाल सिंह मोनू सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आपसी सहयोग और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने पर जोर दिया।









































