फतेह लाइव, रिपोर्टर.
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूर्वी सिंहभूम जिला की मासिक बैठक शनिवार को बहरागोड़ा स्थित रंजीत बाला सभागार में जिला अध्यक्ष सत्या तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी दिनेश कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

बैठक में पिछली मासिक बैठक में दिए गए संगठनात्मक दायित्वों एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने जिला पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों को संगठन की कार्यशैली, अनुशासन और जनसंपर्क को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत होना चाहिए और प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाए।
उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारी, बूथ सशक्तिकरण, सक्रिय कार्यकर्ताओं से नियमित संपर्क, शक्ति केंद्रों की बैठक, सदस्यता विस्तार अभियान तथा जनहित के मुद्दों पर प्रभावी हस्तक्षेप करने का आह्वान किया।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। जिला प्रभारी ने सभी पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे इस अभियान को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संचालित करें तथा पात्र मतदाताओं तक पहुंचकर आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी मंथन किया गया। निर्णय लिया गया कि स्वास्थ्य विभाग और विद्युत विभाग से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक मंडल स्तर पर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा, ताकि आम लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।
इसके अलावा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने, कार्यकर्ताओं के साथ सतत संवाद बनाए रखने, सेवा कार्यों का विस्तार करने तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति भी तैयार की गई।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री देवदत्त साव बापटू ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन हेमंत नारायण देव ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर दिनेश साव, लखन मार्डी तथा जिला अध्यक्ष सत्या तिवारी ने भी संगठन को मजबूत बनाने और जनसेवा के लिए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
बैठक में प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों, पूर्व जिला अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों और बड़ी संख्या में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। इनमें सुमन कल्याण मंडल, रंजीत बाला, गीता मुर्मू, विश्वनाथ बेहरा, ज्योत्स्ना बेहरा, रोहित सिंह परमार, राहुल पांडे, कृष्णा पाल, गौरचंद्र पात्र, चंदना मुर्मू, दीपक दंडपात, ब्रजेश सिंह, श्रीवत्स घोष, राजकुमार कर, कमलकांत सिंह, गुरुचरण मार्डी, अमरदीप शर्मा, शुभेंदु पात्र, महादेव महतो, तनुश्री नंदा, जयंत घोष, अशोक पासवान, विजय पांडेय, काकुली सिंह, सौरव हांसदा और मोंटू सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।










