फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित श्री कृष्णा उद्यान अपार्टमेंट में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। एक महिला समेत तीन बदमाश कथित तौर पर जनगणना कर्मी बनकर अपार्टमेंट के एक फ्लैट में दाखिल हुए और घर में अकेली रह रही लीलावती अम्मा को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद बदमाश सोने की चेन और कान की बाली लूटकर फरार हो गए।
पीड़िता लीलावती अम्मा के मुताबिक, बदमाश जनगणना से संबंधित जानकारी जुटाने की बात कहकर उनके फ्लैट में दाखिल हुए थे। घर में घुसने के बाद तीनों ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया और करीब आधे घंटे तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके मुंह में चोट लगी और एक दांत भी टूट गया।
बताया जा रहा है कि लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने पीड़िता को फ्लैट की बालकनी में बंद कर दिया और वहां से फरार हो गए। कुछ देर बाद पीड़िता ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उन्हें बालकनी से बाहर निकाला।
घटना की जानकारी मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में मदद मिलेगी।
फिलहाल पुलिस एक महिला समेत तीनों संदिग्ध बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। दिनदहाड़े अपार्टमेंट में घुसकर बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूट की इस घटना से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों को घर में प्रवेश देने से पहले उनकी पहचान और दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच कर लें।



































