खड़गपुर के पास हुआ हादसा, पांच कारों के काफिले में दोस्तों के नौ कपल परिवार संग जा रहे थे मून स्टार रिसार्ट
घटना के बाद रात को सभी लौटे शहर, सभी ने वाहेगुरु का किया शुक्राना
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर से मंदारमणि टूर पर जा रहे सिख परिवार की स्कार्पियो कार खड़गपुर के पास दुर्घटना का शिकार हो गई। बताया जाता है कि कार का आगे का टायर रिम छोड़ दिया, जिसके बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और चार से पांच राउंड कार पलट गई। कार में सवार लोगों ने सीट बैल्ट लगाया था, इसलिए उसमें सवार लोग बाल बाल बच गए। घटना दिन के 11.40 बजे की है। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह नौ दोस्तों के कपल परिवार सहित मंदारमणि टूर पर निकले थे। पांच कारों में सभी लोग सवार थे। इसी बीच काले रंग की स्कार्पियो कार संख्या जेएच05डीएल-5005 जिसे मानगो आाजादबस्ती सुंदरबन फेज टू निवासी अमन सलूजा खुद ड्राइव कर रहे थे। वह दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
कार में उनकी पत्नी जसप्रीत कौर, बाराद्वारी निवासी रणवीर सिंह उर्फ रब्बी उनकी पत्नी प्रभजोत कौर और दो बच्चे सवार थे। मदन सलूजा का बिष्टुपुर में कार्यालय है और टेल्को क्षेत्र में फैक्ट्री चलाते हैं। घटना में स्कारर्पियो का परखचे उड़ गए। कार की जो दशा है उसे देखकर हर किसी के होश उड़ गए, लेकिन कहते हैं ना जाको राखे साइंया मार सके ना कोए….। मदन सलूजा और उसमें सवार लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। केवल मदन सलूजा की पत्नी जसप्रीत कौर के सिर में हल्की चोट है और कमर में दर्द है।
उनका सिटी स्कैन व अन्य जांच रिपोर्ट खड़गपुर के चंदन हास्पिटल में सही पाई गई। इसके बाद सभी लोग अपनी यात्रा समाप्त कर वापस रात 8 बजे शहर लौट गए। इस यात्रा में जाने वाले रिफ्यूजी कालोनी निवासी और साकची रूई मार्केट में गुरु नानक हैंडलूम्स नामक दुकान के संचालक अमरदीप सिंह उर्फ रौनक ने फतेह लाइव को बताया कि वाहेगुरु की बड़ी कृपा रही, जो इतनी बड़ी घटना टल गई। उन्होंने बताया कि बारिश बहुत हो रही थी। सुबह 8.30 बजे डिमना चौक छोड़ने के बाद सभी ने बिल्लू दा ढाबा में स्टे कर नाश्ता किया। इसके बाद वे हंसते हंसते आगे कूच किए, लेकिन खड़गपुर के पास यह हादसा हो गया। मंगलवार को फिर जसप्रीत कौर को चिकित्सकों से जांच कराई जाएगी।



































