फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के बेताकोचा स्थित एक फैक्ट्री के बाहर खड़े कंटेनर में एक व्यक्ति का शव रस्सी के सहारे फांसी पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को शीतगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया।

मृतक की पहचान आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर हवा सिंह यादव के रूप में हुई है। वह राजस्थान के अलवर जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र स्थित बालूबास गांव का निवासी था।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मृतक ने रविवार देर रात कंटेनर के बाहर फांसी लगाकर आत्महत्या की। घटनास्थल से एक मोबाइल फोन और हेडफोन भी बरामद किए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि घटना से पहले वह किसी से मोबाइल पर बातचीत कर रहा था और संभवतः किसी तनाव या विवाद के कारण उसने यह कदम उठाया।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही मृतक के परिजनों से संपर्क करने और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version