कहा- कानून-व्यवस्था पर खड़ा हुआ बड़ा सवाल, प्रशासन से घटना के शीघ्र उद्भेदन की बात कही

फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर में बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित विजया गार्डेन कॉलोनी में शिक्षिका निधि सिंह के फ्लैट से करीब 60 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी की चोरी के चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। चोरी की इस बड़ी घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत और जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है।

सोमवार को जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने बारीडीह स्थित विजया गार्डेन पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और घटना की विस्तृत जानकारी ली। विधायक पूर्णिमा साहू ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दोषियों के शीघ्र गिरफ्तारी हेतु वे हरसंभव मदद करेंगी। उन्होंने मौके पर डीएसपी, एसडीओ और बिरसानगर थाना प्रभारी से फोन पर बातचीत कर घटना के त्वरित उद्भेदन करने, चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान के बरामदगी की बात कही।

विधायक पूर्णिमा साहू ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में लगातार हो रही इस तरह की घटनाएं शहर के कानून-व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं और लोगों को भयभीत कर रही है। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। इस दौरान विधायक के समक्ष स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की निष्क्रियता और सोसाइटी की अपर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी व्यक्त की और सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने संबंधी आग्रह किया।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version