फतेह लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर में गर्मी आते ही पानी की समस्या साफ तौर पर देखी जा सकती है. हालांकि इस साल कुछ अलग ही नजारा देखने को मिल रहा है. इस बार लोकसभा चुनाव में जमशेदपुर वासियों के लिए पानी एक बड़ा मुद्दा साबित हो सकता है. बीते दिनों ही मानगो वासियों ने पानी के लिए वोट बहिष्कार की चेतावनी दी थी. ऐसा ही कुछ नजारा जुगसलाई में देखने को मिला जहां पानी की समस्या को लेकर सफीगंज मोहल्ला के लोग जुगसलाई नगर पालिका कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए. बस्तीवासी “पानी नहीं तो वोट नही” के नारे लगा रहे थे.
बस्तीवासियों का कहना था कि बस्ती में बीते 45 दिन पानी नहीं है. हालांकि नगरपालिका द्वारा टैंकरों से पानी की सप्लाई की जा रही है पर वो उनके लिए काफी नहीं है. वे लोग हर महीने पानी टैक्स देते है बावजूद इसके उनके घरों में पानी की सप्लाई नहीं है. इससे बस्ते से सैकड़ों परिवार को काफी समस्या का सामान करना पड़ रहा है. बस्तीवासी होली और नवरात्री एवं रामनवमी जैसे पर्व पर भी पानी के लिए तरस गये है. कई बार इसकी शिकायत उपायुक्त एवं पीडब्लुडी के अधिकारी सुमित कुमार से की गई पर अबतक कोई भी उचित कदम नहीं उठाया गया. जिसके बाद सभी ने धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है.

इधर, धरना के बाद बस्ती के लोगों ने नगरपालिका के कार्यपालक पदाधिकारी मोटाय बानरा, पीडब्ल्यूडी और जुगसलाई थाना प्रभारी के साथ बैठक की. बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि शाम 5.30 बजे तक सभी के घरों में किसी भी तरह पानी की सप्लाई को चालू कर दिया जाएगा. हालांकि आश्वासन के बाद भी बस्तीवासी धरने पर बैठे है. बस्तीवासियों को कहना है कि जब तक पानी की सप्लाई शुरु नहीं हो जाती वे लोग धरने पर बैठे रहेंगे.



































