सिटी एसपी और ट्रैफिक डीएसपी की मौजूदगी में की गई यह सख्त कार्रवाई
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर जिले में ध्वनि प्रदूषण और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के खिलाफ यातायात पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जब्त किए गए मॉडिफाइड बाइक साइलेंसरों को नष्ट कर दिया। साकची थाना परिसर के बाहर सार्वजनिक रूप से 151 बाइक साइलेंसरों पर रोड रोलर चलाया गया, ताकि लोगों को सख्त संदेश दिया जा सके।
इस दौरान सिटी एसपी कुमार शिवाशीष और डीएसपी यातायात नीरज पाठक मौके पर मौजूद रहे। सिटी एसपी ने बताया कि हाल के दिनों में विशेष अभियान चलाकर उन बाइक चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी, जो अपनी बुलेट समेत अन्य मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर तेज आवाज और पटाखे जैसी ध्वनि निकालते थे। अभियान के तहत ऐसे वाहनों को जब्त कर उनके साइलेंसर खोल लिए गए थे। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों से कुल 7.50 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना भी वसूला गया।
उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करना भी है, ताकि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और अनावश्यक ध्वनि प्रदूषण से बचें। वहीं डीएसपी नीरज पाठक ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने खास तौर पर आने वाले रामनवमी पर्व को देखते हुए चेतावनी दी कि कई लोग इस दौरान बाइकों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर निकलते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

