फतेह लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर के मानगो पुल पर रविवार रात पुलिस को करीब डेढ़ घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। दरअसल, पुल के नीचे एक व्यक्ति नशे की हालत में पाया गया, जिसे स्थानीय लोगों ने लाश समझकर पुलिस को सूचना दी। वह व्यक्ति छोटे पुल के नीचे बनी एक तंग जगह पर लेटा हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी कोशिशों के बाद उसे बाहर निकाला। इस दौरान पुल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात बाधित हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मानगो थाना प्रभारी निरंजन कुमार और टाइगर मोबाइल के जवान बीरेंद्र कुमार और वसीम मौके पर पहुंचे। दोनों जवानों ने साहस दिखाते हुए पुल से नीचे उतरकर रस्सी के सहारे उस नशे में धुत व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला। व्यक्ति की स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत एमजीएम अस्पताल भेजा गया। फिलहाल, पुलिस उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है।