फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर में सोनारी थाना क्षेत्र के चर्चित वर्धमान ज्वेलर्स लूटकांड का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया। विशेष जांच दल ने छापेमारी कर तीन अंतरराज्यीय अपराधियों को गिरफ्तार किया है तथा लूट में प्रयुक्त देशी पिस्टल, कार और बाइक सहित कई सामान बरामद किए हैं। इसकी जानकारी गुरुवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी.

सिटी एसपी ने बताया कि एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त विष्णु शंकर राय को नवादा से पकड़ा। उसकी निशानदेही पर सौरभ मेहता उर्फ सोनू को औरंगाबाद और सुरज कुमार को पलामू से गिरफ्तार किया गया। सुरज कुमार के निशानदेही पर लूट में प्रयुक्त हुंडई अलकाजार कार को भी बरामद किया गया।

पूछताछ में तीनों अपराधियों ने सोनारी बाजार स्थित वर्धमान ज्वेलर्स दुकान में लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। विष्णु शंकर राय ने खुलासा किया कि घटना के बाद भागते समय उसने अपना देशी पिस्टल डोभो पुल के पास झाड़ियों में फेंक दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।

बता दें कि इसी महीने 3 सितंबर को दिनदहाड़े अपराधियों ने हथियार के बल पर वर्धमान ज्वेलर्स में लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version