सोनारी, बिष्टुपुर, जुगसलाई यातायात समेत कई जगह नए थानेदार, दुर्गापूजा से पहले एक साथ 22 पुलिस अफसर बदले गये
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयुष पांडेय ने एक साथ 22 थानेदारों और पुलिस अधिकारियों का तबादला किया है. उन्होंने बिष्टुपुर थाना प्रभारी उमेश कुमार ठाकुर को हटाकर मुसाबनी का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है. पिछले दिनों वहां भी व्यापारी को लूटा गया था. हालांकि तबादला से पूर्व वहां के मुख्य आरोपी को पंजाब से पकड़ लिया गया था. उसके कई साथी पुलिस की रडार में चढ़े हुए हैं.
सोनारी थाना प्रभारी सरयू आनंद को भी हटा दया गया है. सोनारी में इन दिनों पुलिस और शांति समिति में कुछ ठीक ठाक नहीं चल रहा था. वैसे यहां ज्वेलरी दुकान में भी दिन दहाड़े लूट हुई थी. गोलमुरी थाना प्रभारी राजन कुमार का तबादला भी साइबर थाना कर दिया गया है. उनके ताबदले की चर्चा 10 दिनों पूर्व ही छिड़ चुकी थी. उनका खौफ गोलमुरी के अपराध जगत में सिर्फ एक सायरन को लेकर बना हुआ था. सिंहम नाम से जाने वाले राजन सिंह के प्रति वहां की जनता का मानना था कि उनका सायरन अपराधियों को सिग्नल देने के लिए बजता था, जबकि कुछ लोग कहते थे कि उनका डर अपराधियों के बीच बना हुआ था. खैर, उनके जाने की चर्चा सच साबित हो गई. भले उनका मन पसंद थाना उन्हें ना मिला हो.
कदमा थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे को बिष्टुपुर का नया थाना प्रभारी बनाया गया है. कुछ माह पहले उन्हें बर्मामाइंस जैसी जगह से वहां भेजा गया था. इसके अलावा मानगो यातायात थाना प्रभारी बंधन भगत को साइबर अपराध थाना भेजा गया है. जुगसलाई यातायात थाना प्रभारी मधुसूदन डे को हटाकर सोनारी का नया थाना प्रभारी बनाया गया है. थाना में आने के लिए तड़प रहे साइबर थाना में पदस्थापित पीसी सिन्हा को कदमा का नया थाना प्रभारी बनाया गया है. साइबर अपराध थाना में पदस्थापित संजय सुमन को गोलमुरी का नया थाना प्रभारी बनाया गया है. सूत्र बताते हैं कि साइबर थाना में भी अपनी प्राथमिकी दर्ज कराने को लेकर भुक्तभोगी कई एड़ी चोटी एक करते थे.
हरिऔंध करमाली को मानगो का नया यातायात थाना प्रभारी बनाया गया है. वे साइबर थाना में थे. संजय जनक पूर्ति को नया जुगसलाई का थाना प्रभारी बनाया गया है. वे मुसाबनी के सर्किल इंस्पेक्टर थे. डुमरिया थाना प्रभारी सुगना मुंडा को एमजीएम थाना का जेएसआइ बनाया गया है. वहीं, गुड़ाबांदा थाना प्रभारी राजीव कुमार 2 को कदमा थाना जेएसआइ, गालूडीह थाना प्रभारी कुमार इंद्रेश को बिष्टुपुर थाना का जेएसआइ, चंदन कुमार को बरसोल थाना प्रभारी से हटाकर मानगो थाना जेएसआइ, मंजूश्री कुंकल को साकची महिला थाना प्रभारी के पद से हटाकर घाटशिला महिला थाना प्रभारी बनाया गया है.
जुगसलाई थाना की सब इंस्पेक्टर रूपा लाल को साकची महिला थाना का प्रभारी बनाया गया है. गोलमुरी पुलिस लाइन के सब इंस्पेक्टर पवन कुमार को धालभूमगढ़ थाना प्रभारी, कदमा के अंकु कुमार को गालूडीह का थाना प्रभारी बनाया गया है. मानगो थाना के सब इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार को बरसोल थाना प्रभारी, बिष्टुपुर थाना से कुमार सुमित यादव को गुड़ाबांधा थाना प्रभारी और एमजीएम थाना के पंचम तिग्गा को डुमरिया का नया थाना प्रभारी बनाया गया है. तत्काल प्रभाव से यह पदस्थापन किया गया है., कई जगह नए अधिकारियों ने योगदान दे दिया है.
