भाजपा नेता ललन यादव के साथ स्थानीय लोगों ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के ग्रामीण क्षेत्र उत्तरी कीताडीह पंचायत के बस्तीवासी नाली की समस्या से जूझ रहे हैं. इसे लेकर मंगलवार को भाजपा नेता ललन यादव के नेतृत्व में स्थानीय लोग बीडीओ से मिलने पहुंचे. जहां प्रखंड विकास पदाधिकारी के उपस्थित नहीं होने के कारण कार्यालय के बड़ा बाबू को एक ज्ञापन सौंपा गया.
इसमें मांग की गई कि उत्तरी किताडीह पंचायत अंतर्गत आरके टेलर से लेकर खोखन घोष के घर तक नाली की स्थिति बहुत ही खराब है. जगह-जगह नाली टूटने के कारण सालों भर पानी रोड पर बहता रहता है, जिसके चलते आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.
यह नाली वार्ड नंबर 9 में पड़ती है. नाली का निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए. इस दौरान मुख्य रूप से सुजीत सिंह, के कन्ना राव, अशोक यादव, गुरिंदर सिंह, खोखन घोष, बलवंत सिंह, बाबूलाल प्रजापति आदि ग्रामवासी उपस्थित थे.

