फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना अंतर्गत घोड़ाबांधा हॉस्पिटल चौक में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। रविवार देर शाम 7 बजे दो बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रुप से घायल हो गया। मृतक की पहचान शेषनगर निवासी नितिन कुमार मिश्रा के रुप में हुई है। वहीं एलआईजी शिव मंदिर के पास रहने वाला धीरज ठाकुर गंभीर रुप से घायल हो गया।
उसका इलाज टीएमएच में चल रहा है। उसकी स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है। थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि शाम 7 बजे दोनों बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हुई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना दी थी। हालांकि पुलिस जब तक पहुंची तब तक स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां से दोनों घायलों को टीएमएच रेफर किया गया।
टीएमएच में जांच के दौरान चिकित्सकों ने नितिन को मृत घोषित कर दिया जबकि धीरज की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनो बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गए।

