आधुनिक पावर ने साइकिल रैली व पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
प्लास्टिक पर्यावरण के लिए बहुत खतरनाक, सिंगल यूज़ प्लास्टिक का करें बहिष्कार: राम प्रवेश कुमार
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
53वें विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पदमपुर स्थित विद्युत उत्पादक कंपनी आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड (एपीएनआरएल) में गुरुवार को विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर साइकिल रैली, फलदार पौधों का रोपण, प्रतियोगिताएं और जागरूकता भाषण आयोजित किए गए, जिसमें कंपनी के कर्मचारी, ग्रामीण, अधिकारी और अतिथि बड़ी संख्या में शामिल हुए.
अपने संबोधन में राम प्रवेश कुमार ने प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा, “प्लास्टिक पर्यावरण के लिए बेहद खतरनाक है. सिंगल यूज़ प्लास्टिक का बहिष्कार अब समय की आवश्यकता है.” उन्होंने लोगों से पर्यावरण के हित में जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की अपील की. कंपनी के निदेशक निर्मल कुमार अग्रवाल ने पौधरोपण के बाद घोषणा की कि एपीएनआरएल अब 100 मेगावाट क्षमता वाले सोलर पावर प्लांट की स्थापना पर उन्नत स्तर पर विचार कर रही है. उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल झारखंड बल्कि समूचे भारत के लिए ‘ग्रीनर इंडिया’ की दिशा में एक ठोस कदम होगी.
सीईओ अरुण कुमार मिश्रा ने अपने विचार रखते हुए कहा कि “पर्यावरण की रक्षा किसी चमत्कार से नहीं, बल्कि हमारे ठोस और सामूहिक प्रयासों से ही संभव है.” उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर बल दिया. इससे पूर्व पर्यावरण विभाग के कमलेश कुमार ने पर्यवरण संरक्षण संबंधी जरुरी जानकारियां कर्मचारियों संग साझा कीं. इससे पूर्व, एपीएनआरएल के पर्यावरण विभाग की ओर से साइकिल रैली का आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
रैली की शुरुआत सीईओ अरुण कुमार मिश्रा ने झंडी दिखाकर की और स्वयं भी नारे लगाते हुए प्रतिभागियों के साथ शामिल हुए. यह रैली करीब 5 किलोमीटर तक निकाली गई, जिसमें ‘स्वस्थ पर्यावरण – सुरक्षित जीवन’ जैसे नारे गूंजते रहे. कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों और अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली. इसके अलावा पोस्टर, रंग भरो, स्लोगन व कलाचित्र प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए. अतिथियों का स्वागत व धन्यवाद ज्ञापन मानव संसाधन विभाग प्रमुख अनिल कुमार सोनी ने किया, जबकि मंच संचालन का उत्तरदायित्व पर्यावरण विभाग प्रमुख कमलेश कुमार झा ने निभाया.
