फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका के कोवाली थाना क्षेत्र के नारदा पंचायत के कुंडूरकोचा गांव में सोमवार की एक सनकी युवक ने महुआ चुन रही वृद्धा (65) की लाठी और पत्थर से हमला कर हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत एवं आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया.
गांव की बुस्की मुर्मू सोमवार सुबह जंगल किनारे महुआ चुनने गई थी. इसी दौरान गांव के ही राम सरदार वहां पहुंचा और अचानक से महिला पर लाठी और पत्थर से हमला कर दिया. हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ी और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे. वृद्धा की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी राम सरदार को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की. बाद में ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर कोवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया.
सूचना पर कोवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल अस्पताल भेज दिया है. घटना में घायल आरोपी युवक को भी इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया है. यहां पर उसका पुलिस की निगरानी में ईलाज कराया जा रहा है.
गांव के लोगों का कहना है कि आरोपी राम सरदार पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहा था. उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. घटना के पीछे का राज क्या है. इसका खुलासा नहीं हो सका है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
