फतेह लाइव, रिपोर्टर.
रांची रेल मंडल के आरपीएफ कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में आरपीएफ द्वारा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 23 फ़रवरी को ऑपरेशन “NARCOS” के अंतर्गत आरपीएफ पोस्ट रांची एवं फ्लाइंग टीम रांची ने राँची रेलवे स्टेशन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान ट्रेन संख्या 18309 एक्सप्रेस के रांची आगमन पर कोच संख्या S-7 की जांच के दौरान सीट संख्या 04 पर बैठे एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में एक नीले रंग के पिट्ठू बैग के साथ देखा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहन सिंह (उम्र लगभग 41 वर्ष), निवासी– बिहारी टोला, वेदव्यास मंदिर रोड, थाना– ब्राह्मणी तरंग, जिला– सुंदरगढ़ (ओडिशा) बताया।
बैग के संबंध में पूछने पर उसने स्वीकार किया कि उसके बैग में भूरे रंग के प्लास्टिक में लिपटा गांजा रखा है। उक्त व्यक्ति के बयान के आधार पर उसी कोच की सीट संख्या 64 पर बैठे एक अन्य संदिग्ध व्यक्ति की जांच की गई, जिसने अपना नाम राहुल पांडेय (उम्र लगभग 32 वर्ष), निवासी– परो, थाना– भंवरकोल, जिला– गाजीपुर (उ.प्र.) बताया।
उसके पास मौजूद लाल एवं ग्रे रंग के पिट्ठू बैग में भी भूरे रंग के प्लास्टिक में लिपटा गांजा पाया गया। दोनों व्यक्तियों को ट्रेन से उतारकर सहायक सुरक्षा आयुक्त/आरपीएफ/राँची को सूचना दी गई, जो तत्काल मौके पर पहुंचे। उनके निर्देशानुसार सभी वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कुल 08 पैकेट गांजा (05 पैकेट मोहन सिंह के पास से एवं 03 पैकेट राहुल पांडेय के पास से) बरामद किए गए।
बरामद सामग्री का कुल वजन 16 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹8,00,000/- है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उक्त गांजा ओडिशा से खरीदकर उत्तर प्रदेश ले जाकर अवैध लाभ के उद्देश्य से बिक्री करने वाले थे।
अतः एनडीपीएस अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध पाए जाने पर 16 किलोग्राम गांजा को अन्य बरामद वस्तुओं सहित विधिवत जब्त एवं सील किया गया। तत्पश्चात दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जब्त माल सहित जीआरपी राँची को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु सुपुर्द किया गया। इस संबंध में जीआरपी राँची द्वारा 24 फ़रवरी को धारा 20(b)(ii)(B)/29 एनडीपीएस एक्ट 1985 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्य में इन अधिकारियों एवं स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही
आरपीएफ पोस्ट राँची से निरीक्षक शिशुपाल कुमार, उप निरीक्षक सूरज पांडेय, स्टाफ रामकृष्ण एवं फ्लाइंग टीम राँची से एएसआई अनिल कुमार, स्टाफ दिनेश प्रसाद, हेमंत आदि स्टाफ शामिल थे.

