फतेह लाइव, रिपोर्टर.
झारखंड के रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित धुर्वा डैम में लापता हुए जमशेदपुर जिला व्यवहार न्यायालय के जज के चालक सत्येंद्र कुमार का शव घटना के तीन दिन बाद मंगलवार सुबह मिला। स्थानीय लोगों ने पानी में एक शव देखा। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद सत्येंद्र का शव मानगो डिमना रोड स्थित उनके आवास पर लाया गया।
घर पहुंचते ही वातावरण शोक से भर उठा। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। दोपहर को मानगो स्थित आवास से पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए जुगसलाई पार्वती घाट ले जाया गया। शव यात्रा में परिजनों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, कोर्ट कर्मी और अधिकारी शामिल हुए।
बता दे कि शुक्रवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर धुर्वा डैम में जा समाई थी। कार में जमशेदपुर व्यावहार न्यायालय के जज के दो चालक और दो बॉडीगार्ड सवार थे। शनिवार सुबह तीन शव बरामद कर लिया गया था जबकि चौथा शव मंगलवार को सोमवार सुबह बरामद किया गया।
