उपग्रह तकनीक, जियोइन्फॉर्मेटिक्स और पर्यावरण संरक्षण की दी जानकारी, कक्षा IX और X के विद्यार्थियों को करियर के अवसरों से कराया अवगत
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल, जमशेदपुर में भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर रिमोट सेंसिंग और जियोइन्फॉर्मेटिक्स की खोज विषय पर विशेष संवादात्मक सत्र का आयोजन किया गया। इसमें सरला बिरला विश्वविद्यालय, रांची के कुलपति एवं प्रख्यात वैज्ञानिक प्रो. डॉ. जेगनाथन चोकलिंगम ने कक्षा IX और X के विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों की उपयोगिता समझाते हुए इन क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रो. चोकलिंगम ने रिमोट सेंसिंग, उपग्रह अवलोकन और जियोइन्फॉर्मेटिक्स के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इन तकनीकों का उपयोग पर्यावरण संरक्षण, वैज्ञानिक अनुसंधान और आधुनिक तकनीकी विकास में महत्वपूर्ण है। साथ ही, विद्यार्थियों को इन क्षेत्रों में उपलब्ध करियर विकल्पों और संभावनाओं से भी परिचित कराया। सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और वैज्ञानिक विषयों को लेकर अपनी जिज्ञासाएं प्रदर्शित कीं।
पाठ्यक्रम से आगे की शिक्षा पर जोर
कार्यक्रम की परिकल्पना एवं पहल विद्यालय के उप-प्राचार्य, स्वतंत्र ऊर्जा वैज्ञानिक एवं शोधकर्ता सौम्य दीप ने की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से बाहर की आधुनिक वैज्ञानिक अवधारणाओं से परिचित कराना आवश्यक है। इससे उनमें शोध के प्रति रुचि विकसित होती है और वे भविष्य में करियर के नए विकल्पों को बेहतर ढंग से समझ पाते हैं।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण विद्यालय की प्राचार्या डॉ. निधि श्रीवास्तव ने दिया। दीपक श्रीवास्तव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वरिष्ठ शिक्षिका पूजा ने कार्यक्रम का संचालन किया। इसके सफल आयोजन में अभिजीत, फैज, रोहित, साखा, सौरव, मानस, निखिल, जगदीश और बिशाखा ने सहयोग किया
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस तरह के शैक्षणिक आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और अनुभवात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ उन्हें भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करने में सहायक हैं।


































