फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर में गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी साकची के अधीन संचालित मॉडर्न इंग्लिश स्कूल में आज पृथ्वी दिवस बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। स्कूल के चारों हाउस रेड, ब्लू, ग्रीन और येलो के विद्यार्थियों ने प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न सांस्कृतिक और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भाषण, नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत तथा नृत्य प्रदर्शन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, पेड़ों की महत्ता और पृथ्वी को बचाने के महत्व पर जोर दिया। कुल मिलाकर लगभग 40 विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया जिनमें स्मिथ कौर, सजल कुमारी, आर्ची पोद्दार, आर्य सिंह, माही प्रीत, आर्यन कुमार, जश्न प्रकाश, आयुष कुमार, वंश कुमार, राजीव कुमार, गम्मा प्रगति ने अपने प्रतिभा प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया।

इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन के सहायक सचिव सतबीर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम पर स्कूल के प्रधानाचार्य संतोख सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रकृति हमारी माता है और आज के इस पृथ्वी दिवस पर उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे छोटी-छोटी आदतों को बदलकर भी पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें। पेड़ लगाना, पानी का संरक्षण करना, प्लास्टिक का कम उपयोग करना और ऊर्जा की बचत, ये सभी छोटे कदम मिलकर बड़ी क्रांति ला सकते हैं। भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरा-भरा पर्यावरण छोड़ना हम सबकी जिम्मेदारी है।

प्रधानाचार्य संतोख सिंह ने छात्रों से आह्वान किया कि वे न केवल स्कूल स्तर पर बल्कि घर और समाज में भी पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को आगे बढ़ाएं। स्कूल की शिक्षकाओं के अपार सहयोग से यह कार्यक्रम पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों में प्रकृति प्रेम की भावना जगाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास साबित हुआ।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version