फतेह लाइव, रिपोर्टर.

जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स में शनिवार को बोनस समझौता संपन्न हुआ. यूनियन एवं प्रबंधन के बीच कई दौर के वार्ता के बाद शनिवार को नतीजा सामने आया, जिसमें मजदूरों के लिए अच्छी खबर निकल कर आयी. बोनस समझौता कर कंपनी परिसर से बाहर निकलने पर अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह का जोरदार स्वागत किया गया.

कंपनी के मेन गेट के पास से खुले वाहन पर सवार होकर अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह जुलूस के शक्ल में यूनियन कार्यालय पहुंचे. जुलूस में भारी संख्या में मजदूर शामिल थे. ढोल नगाड़ों के साथ सभी यूनियन कार्यालय पहुंचे. जमकर आतिशबाजी हुई.

यूनियन कार्यालय में अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह एवं सलाहकार प्रवीण सिंह का यूनियन के पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया. महिला कर्मचारियों द्वारा भी अध्यक्ष, महामंत्री एवं सलाहकार को फूलों का माला भेंटकर स्वागत किया गया.

इस दौरान महामंत्री आरके सिंह मजदूरों को संबोधित किया. उन्होंने बोनस से जुड़ी वास्तुस्थिति को स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि यह यूनियन सबको ध्यान में रखकर बोनस करती है. शहर के अन्य कंपनियों में सिर्फ रकम को लेकर बोनस समझौता होता है, लेकिन हमारे यहां स्थाईकरण से लेकर अन्य मुद्दों पर भी सहमति बनाना होता है. उन्होंने मजदूरों से बोनस के रकम का सदुपयोग करने की अपील की.

अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने कहा कि विगत तीन माह से हम लोग बोनस को लेकर रणनीति बनाने में लगे थे. कुछ साथी बराबर पूछते थे कब होगा बोनस. इस सवाल को लेकर मैं हमेशा सोचता था. आज चिंता खत्म हुई. सबों का साथ मिला, सबको धन्यवाद.

सलाहकार प्रवीण सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा से पहले यूनियन के लिए परीक्षा की घड़ी होती है. रकम को लेकर बोनस समझौता से कहीं महत्वपूर्ण है टीएमएसटी, अप्रेंटिस एवं बाई सिक्स कर्मचारियों का परमानेंट होना. इस बार बोनस में बड़ी उपलब्धि हुई है. आगे भी बड़ा काम होना है. आप सब नेतृत्व पर ऐसे ही भरोसा बनाए रखें.कार्यक्रम का संचालन प्रकाश विश्वकर्मा ने किया.

जानिए किसको कितना मिलेगा बोनस

वर्ष 2025 में हुए बोनस समझौते में अधिकतम 75223 रुपये तथा औसत 50160 रुपये सात हजार मजदूरों को मिलेंगे. इसके आलावे लगभग 1300 कर्मचारियों को 8.33 प्रतिशत बोनस मिलेगा. वहीं सुपर एनुएशन के तहत आने वाले कर्मियों को 15048 रुपये बोनस प्राप्त होंगा.

बोनस समझौता की यह बात भी जानें

इस बार बोनस समझौते में मजदूरों के लिए कई खुशखबरी निकल कर आयी. बोनस पिछले वर्ष के तुलना में 1.3 प्रतिशत अधिक हुआ है. इस वर्ष 12.3 प्रतिशत बोनस हुआ है. वहीं पुराने समझौते के तहत 225 अस्थाई कर्मचारियों का स्थाईकरण होना है. उसमें 150 और कर्मचारियों को भी स्थाई किया जाएगा. अर्थात इस बार कुल 375 कर्मी स्थाई होंगे. सबसे खास बात यह है कि लंबे समय से टीएमएसटी एवं अप्रेंटिसशिप कर प्रतिक्षारत प्रशिक्षुओं में कुल 148 को नियोजित किया जाएगा. उन्हें डिप्लोमा कराने के बाद सीधे स्थाई पुल में बहाल कर लिया जाएगा. एक सप्ताह में मेडिकल के लिए आमंत्रण भेजा जाएगा.

बोनस समझौते में ये भी थे शामिल

प्रबंधन की ओर वर्चुअल रूप में सीएच आरओ सह ईसी सदस्य सीताराम कांडी, वीपी विशाल बादशाह, प्लांट हेड सुनील तिवारी, एचआर हेड प्रणव कुमार, ईआर हेड सौमिक रॉय, जीएम स्तर के अधिकारियों तथा यूनियन की ओर से अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह तथा तमाम यूनियन के पदाधिकारी मौजूद थे.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version