रेलवे बोर्ड ने 20971/20972 की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने को दी मंजूरी, टाटानगर समेत कोल्हान के यात्रियों को होगी सुविधा
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर और कोल्हान के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। टाटानगर स्टेशन होकर चलने वाली उदयपुर-शालीमार-उदयपुर एक्सप्रेस (20971/20972) अब सप्ताह में एक दिन के बजाय सप्ताह में दो दिन चलेगी। रेलवे बोर्ड ने ट्रेन की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह फैसला यात्रियों को उदयपुर और शालीमार के बीच यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराएगा।

रेलवे बोर्ड की ओर से 24 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार, ट्रेन संख्या 20971 उदयपुर-शालीमार एक्सप्रेस अब उदयपुर से शनिवार और रविवार को रवाना होगी। वहीं, ट्रेन संख्या 20972 शालीमार-उदयपुर एक्सप्रेस शालीमार से रविवार और सोमवार को चलेगी।
टाटानगर का समय नहीं बदला
फ्रीक्वेंसी बढ़ाने के साथ ट्रेन के टाटानगर समेत अधिकांश प्रमुख स्टेशनों के समय में बदलाव नहीं किया गया है।
20971 उदयपुर-शालीमार एक्सप्रेस
-टाटानगर जंक्शन : 01:05 बजे आगमन और 01:10 बजे प्रस्थान
20972 शालीमार-उदयपुर एक्सप्रेस
– टाटानगर जंक्शन : 03:48 बजे आगमन और 03:50 बजे प्रस्थान
इन प्रमुख रेलवे स्टेशन से गुजरती है ट्रेन
यह ट्रेन कटनी मुरवारा, न्यू कटनी, शहडोल, अनुपपुर, पेंड्रा रोड, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला और टाटानगर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरती है।
रेलवे बोर्ड ने संबंधित रेलवे जोनों को निर्देश दिया है कि मंजूर की गई नई फ्रीक्वेंसी और आवश्यक बदलावों को यात्रियों तक व्यापक रूप से पहुंचाया जाए। आदेश में यह भी कहा गया है कि संशोधित व्यवस्था को सुविधानुसार जल्द लागू किया जा सकता है।
यात्रियों के लिए सलाह: यात्रा की तारीख तय करने से पहले रेलवे की आधिकारिक बुकिंग और पूछताछ प्रणाली पर ट्रेन के परिचालन दिवस और अंतिम समय की जानकारी जरूर जांच लें।









































