शैलेन्द्र सिंह की पत्नी बलबीर कौर व इंदु देवी एनडीए प्रत्याशी रिंकू सिंह के पाले में गए, उधर हिदायत खान की पत्नी को भी मिला नीलोफर हुसैन का साथ
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
झारखंड में आज यानी सोमवार को निकाय चुनाव होंगे. इससे पूर्व जमशेदपुर के जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद को लेकर रविवार को हुई राजनितिक उथल-पुथल ने सबको दंग कर दिया. इसके साथ ही चुनाव के नतीजे आने तक सरगर्मी बने रहने की संभावना है.
जानकारी के अनुसार मेयर प्रत्याशी नीलोफर हुसैन ने बड़ा ऐलान करते हुए चुनाव में हिदायत खान की पत्नी नौशीन खान को अपना समर्थन दे दिया है. इसके साथ ही जुगसलाई नगर निगम चुनाव में एक दिन पहले नया मोड़ आ गया.
जहां नीलोफर हुसैन ने अपना समर्थन नौशीन खान को देने का फैसला कर इस चुनाव को और रोमांचक बना दिया है. वहीं चुनाव से पहले दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करते दिखे. आज मतदान से सिर्फ कुछ घंटों पहले इतने बड़े एलान पर जुगसलाई की जनता भी हैरान है. नीलोफर ने कौम के प्रति अपना त्याग देने की बात कही है.
दूसरी ओर, सिख समाज के बड़े नेता सरदार शैलेन्द्र सिंह की पत्नी बलबीर कौर ने भी एनडीए प्रत्याशी रिंकू सिंह को देर शाम समर्थन देने की घोषणा की. इसे लेकर कई घंटों बैठक चली. पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास सरदार शैलेन्द्र के घर आये और उन्हें इसके लिए तैयार किया. इससे पूर्व जुगसलाई स्टेशन रोड गुरुद्वारा में भी जुगसलाई के सिख समाज की घंटों बैठक हुई. वहीं इंदु देवी ने भी रिंकू सिंह को समर्थन दिया और इलाके के विकास के लिए ईंट पर वोट देने की अपील की है.

