फतेह लाइव, रिपोर्टर।
झारखंड के हजारीबाग में शुक्रवार शाम एक बड़ा रेल हादसा टल गया। रांची से पटना जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22350) रेलवे ट्रैक पर आ गए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में ट्रेन के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रेन में सवार किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार, हजारीबाग स्टेशन से पहले चरही और बेस स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई। वंदे भारत एक्सप्रेस के चालक ने ट्रेन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ट्रेन को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा।
घटना के बाद रेलवे कर्मी और अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ट्रैक से ट्रैक्टर को हटाने के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। रिपोर्टों के अनुसार, दुर्घटना के कारण ट्रेन करीब आधे घंटे से 40 मिनट तक प्रभावित रही और बाद में हजारीबाग पहुंचने पर उसकी जांच की गई। जांच के बाद ट्रेन को आगे पटना की ओर रवाना कर दिया गया।



































