फतेह लाइव, रिपोर्टर.
सरायकेला-खरसावां:एसपी निधि द्विवेदी ने दो दिन में 12 थाना प्रभारियों और 37 ASI का तबादला कर दिया है. जिले की विधी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह कदम उठाये गए हैं. इस तबादला सूची को लेकर जिले के पुलिस विभाग में खलबली मचा दी है.

खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार को चौका थाना, राहुल कुमार सिंह को खरसावां थाना प्रभारी, वरुण यादव को ईचागढ़ थाना प्रभारी और रविकांत परासर को आरआईटी ओपी प्रभारी नियुक्त किया है. जबकि चांडिल थाना प्रभारी डिलसन बिड़वा को नीमडीह और नीमडीह प्रभारी संतन तिवारी को अब चांडिल भेजा गया है. सोनू कुमार को गम्हरिया थाना, बजरंग महतो को साइबर थाना प्रभारी, संजीव को खरसावां थाना प्रभारी, नरसिंह मुंडा को कांड्रा थाना, रविन्द्र मुंडा को कुचाई थाना प्रभारी और सतीश बर्नवाल को दलभंगा ओपी प्रभारी बनाया गया है. इसके साथ ही मुंशी और अन्य पदों पर कार्यरत व पुलिस लाइन से ASI स्तर के 37 पुलिसकर्मी भी बदले गए है.

एक चर्चित इंस्पेक्टर भी हो चुके हैं लाइन हाजिर, मुख्यालय में भी बन रही एक सूची
बीते 10 दिनों में चांडिल सर्किल इंस्पेक्टर के पद से राजेश सिंह को अचानक हटा दिया गया था, जिसके बाद जिले में ट्रांसफर-पोस्टिंग की चर्चा शुरू हो गई थी. राजेश सिंह 1994 बैच के चर्चित दारोगा हैं जो हमेशा सुर्खियों में रहे हैं और इनके साथ ही 1994 बैच के इंस्पेक्टर अंजनी कुमार और अन्य भी काफ़ी चर्चा में रहे हैं क्योंकि इन तीनों को खुद डीजीपी अनुराग गुप्ता ने ही सरायकेला से हटवाया था लेकिन डीजीपी के जाते ही ये तीनों उसी दिन वापस सरायकेला जिले में आ गए. तब भी यह चर्चा का विषय रहा था कि आखिर 8-9 महीना में ही इतनी जल्द जिले में इनकी वापसी और तुरंत पोस्टिंग भी हो गई आखिर कैसे?
फिलहाल तो ये भी उम्मीद की जा रही है कि बार-बार एक ही जिले में ट्रांसफर-पोस्टिंग करवाने वाले इंस्पेक्टर भी इसी माह के अंत तक बदले जा सकते हैं. इसको लेकर सूची तैयार की जा रही है कि विभागीय कार्रवाई वाले इंस्पेक्टर जल्द ही ट्रांसफर होंगे और इसकी मॉनिटरिंग खुद डीजीपी द्वारा की जा रही है. मुख्यालय द्वारा बाकायदा इसको लेकर जिलों के कप्तान से सूची भी मांगी गई है.




