दीपक तिवारी उर्फ काना पर कई गंभीर मामले दर्ज, एनडीपीएस एक्ट समेत दो मामलों में था वांछित
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर में बागबेड़ा थाना पुलिस ने तड़ीपार आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में वांछित अपराधी दीपक तिवारी उर्फ काना को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी रामनगर, शिव मंदिर के निकट, बागबेड़ा थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, दीपक तिवारी को झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम, 2002 की धारा 3(3) के तहत 18 अप्रैल 2026 से 17 जुलाई 2026 तक जिला बदर किया गया था। तड़ीपार अवधि के दौरान उसे बागबेड़ा थाना क्षेत्र और जमशेदपुर शहर में प्रवेश करने पर रोक थी। इसके बावजूद वह क्षेत्र में रहकर सक्रिय था।
बताया गया कि आरोपी बागबेड़ा थाना कांड संख्या 37/2026 में धारा 126(2), 329(3), 352, 351(2), 308(4), 3(5) बीएनएस के तहत तथा बागबेड़ा थाना कांड संख्या 46/2026 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)A, 22(b) और 29 के तहत दर्ज मामले में वांछित था।
पुलिस ने शनिवार रात करीब 10.10 बजे सूचना मिलने पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ तड़ीपार आदेश के उल्लंघन को लेकर झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम, 2002 की धारा 25 तथा बीएनएस की धारा 223(बी) के तहत नया मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दीपक तिवारी उर्फ काना के खिलाफ बागबेड़ा थाना में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, मारपीट, एनडीपीएस एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।
छापेमारी दल में शामिल पुलिसकर्मी :
थाना प्रभारी उमेश कुमार ठाकुर, एसआई संतोष कुमार, एसआई सुनील कुमार यादव एवं सशस्त्र बल शामिल थे।











