Jamshedpur : ‘मॉर्निंग रागा’ में शास्त्रीय संगीत की सुरमयी बयार, कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

SHARE:

जमशेदपुर म्यूजिक सर्कल के आयोजन में मियाँ की तोड़ी, चारुकेशी और भटियार राग की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध

फतेह लाइव, रिपोर्टर.

जमशेदपुर म्यूजिक सर्कल के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रविवार सुबह बिष्टुपुर स्थित ‘पितृछाया’ में आयोजित ‘मॉर्निंग रागा’ कार्यक्रम शास्त्रीय संगीत प्रेमियों के लिए यादगार बन गया। सुबह 8 बजे शुरू हुए इस संगीत समारोह में शहर के नामी कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से ऐसा सुरमय वातावरण बनाया कि उपस्थित श्रोता पूरे समय संगीत की दुनिया में डूबे रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत उदीयमान शास्त्रीय गायिका सृजनी बासु ने राग मियाँ की तोड़ी में विलंबित एकताल और द्रुत तीनताल की बंदिशों से की। इसके बाद उन्होंने एक भावपूर्ण भजन प्रस्तुत कर श्रोताओं की भरपूर सराहना हासिल की। उनकी प्रस्तुति में तबले पर कार्तिक कर्मकार और हारमोनियम पर बीरेंद्र उपाध्याय ने प्रभावशाली संगत दी।

Gambhir Car Associate Motion Ads Motion Ads

दूसरे चरण में वरिष्ठ सितार वादक अनिरुद्ध सेन ने राग चारुकेशी में विलंबित और द्रुत तीनताल की मनमोहक प्रस्तुति दी। आलाप, विस्तार, तान, तिहाई और झाला की बारीकियों से सजी उनकी प्रस्तुति ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। तबले पर अमिताभ सेन ने उनका प्रभावी साथ निभाया।

कार्यक्रम का समापन प्रसिद्ध गायक मनमोहन सिंह के खयाल गायन से हुआ। उन्होंने राग भटियार में विलंबित एकताल और द्रुत तीनताल की बंदिशें प्रस्तुत कर अपनी सशक्त गायकी का परिचय दिया। राग विस्तार, स्वर विन्यास और तानकारी से सजी उनकी प्रस्तुति को श्रोताओं ने खूब सराहा। अंत में उन्होंने एक भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम का समापन किया। इस प्रस्तुति में तबले पर अमिताभ सेन तथा हारमोनियम पर अनिल कुमार सिंह ने संगत की।

सभी कलाकारों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को ऊंचाई प्रदान की, वहीं संगीत प्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का संचालन सुभाष बोस ने किया। आयोजन को सफल बनाने में रोहिणी साठे, विद्युत कुमार घोष, अशोक कुमार सिंह, सुजीत राय, अशोक दास, देवब्रत पाल, मनीष दास, दीप कुमार मित्रा, देव सेन और सुनील कुमार सिंह सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम की मुख्य प्रस्तुतियां

सृजनी बासु – राग मियाँ की तोड़ी एवं भजन

अनिरुद्ध सेन – सितार पर राग चारुकेशी

मनमोहन सिंह – राग भटियार एवं भजन

आयोजन स्थल – पितृछाया, बिष्टुपुर

आयोजक – जमशेदपुर म्यूजिक सर्कल

[ays_poll id=1]
सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें