एमजीएम थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को दबोचा
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में एमजीएम थाना क्षेत्र के एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल से लैपटॉप चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी के आरोपी पवन कुमार (लगभग 30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया Dell कंपनी का लैपटॉप उसके घर की अलमारी से बरामद कर लिया गया।

मामले में एमजीएम थाना में कांड संख्या 48/2026, दिनांक 07 अप्रैल 2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार एमजीएम बॉयज हॉस्टल के कमरा संख्या 403 से अज्ञात अपराधी ने लैपटॉप चोरी कर लिया था।
इलाके के डीएसपी दयानंद कुमार ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के निर्देश पर एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी पवन कुमार के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद उसे 11 अगस्त 2026 को उसके आवास से रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के समक्ष अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह पूर्व में Blinkit कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था।
पुलिस के अनुसार, 28 मार्च 2026 की रात Blinkit कंपनी का सामान डिलीवर करने के लिए आरोपी एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल गया था। ऑर्डर डिलीवर कर वापस लौटने के दौरान उसने एक कमरे का दरवाजा खुला देखा। कमरे के नीचे लैपटॉप रखा हुआ था। आरोपी ने मौका देखकर लैपटॉप उठा लिया और उसे अपने बैग में रखकर वहां से चला गया। बाद में चोरी किए गए लैपटॉप को उसने अपने घर की अलमारी में छिपाकर रख दिया था।
यहां का है गिरफ्तार आरोपी
पवन कुमार, उम्र लगभग 30 वर्ष, पिता—कमला कांत मिश्रा, पता—गुड़हारा रोड, शिव मंदिर के पास मानगो, थाना मानगो, जिला पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर।
बरामद सामान
– एक Dell कंपनी का लैपटॉप, आरोपी की निशानदेही पर उसके घर स्थित अलमारी से बरामद।
छापामारी दल में शामिल पुलिसकर्मी
1. पु०नि० सचिन कुमार दास, थाना प्रभारी, एमजीएम थाना।
2. पु०अ०नि० आनंद कुमार, एमजीएम थाना।
3. सशस्त्र बल के जवान, एमजीएम थाना।
















