अपराध नियंत्रण से लेकर मानव तस्करी और नशे के खिलाफ अभियानों तक उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
रेलवे यात्रियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और रेलवे परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए आरपीएफ रांची को इस वर्ष प्रतिष्ठित ‘Security Shield’ अवार्ड से सम्मानित किया गया। दक्षिण पूर्व रेलवे के प्रधान कार्यालय, जीआरसी, कोलकाता में आयोजित समारोह में दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक ने आरपीएफ रांची को यह सम्मान प्रदान किया।
यह पुरस्कार डीएससी/आरपीएफ रांची के नेतृत्व में रांची मंडल में यात्रियों की सुरक्षा, संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, सतर्क गश्त, अवैध गतिविधियों पर अंकुश तथा रेलवे संपत्ति एवं यात्रियों की सुरक्षा के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना के रूप में दिया गया।
विशेष अभियानों में भी प्रभावी कार्रवाई
पिछले एक वर्ष के दौरान आरपीएफ रांची ने यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कई विशेष अभियानों और जांच अभियानों का सफल संचालन किया। ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत गुमशुदा एवं जरूरतमंद बच्चों को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों अथवा संबंधित बाल कल्याण समिति तक पहुंचाया गया।
वहीं ‘ऑपरेशन आहट’ के तहत मानव तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा ‘ऑपरेशन नॉर्कोस’ और ‘ऑपरेशन सतर्क’ के माध्यम से मादक पदार्थों, अवैध शराब, तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की गई।
आरपीएफ के अधिकारियों और जवानों ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ आपात परिस्थितियों में यात्रियों की सहायता, वरिष्ठ नागरिकों एवं महिलाओं की मदद, बच्चों की सुरक्षा तथा जरूरतमंद यात्रियों को मानवीय सहयोग प्रदान कर सुरक्षा बल की संवेदनशील छवि को भी मजबूत किया।
पूरी टीम की मेहनत का परिणाम
सम्मान समारोह में दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक सहित वरिष्ठ रेलवे अधिकारी और सुरक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इस उपलब्धि को आरपीएफ रांची की पूरी टीम के अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और 24×7 सेवा भावना का परिणाम माना जा रहा है।
आरपीएफ रांची को मिले इस सम्मान से पूरे रांची मंडल में हर्ष का माहौल है। ‘सिक्योरिटी शील्ड’ केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षित एवं सुखद रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ अधिकारियों और जवानों द्वारा किए जा रहे अथक प्रयासों की पहचान है। यह सम्मान आरपीएफ रांची की टीम को आने वाले समय में भी और अधिक उत्साह, ऊर्जा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
















