फतेह लाइव, रेपोर्टर।
पूर्वी सिंहभूम के गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल 17 चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की हैं। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी जमशेदपुर शहर समेत जिले और आसपास के अन्य थाना क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी करने में शामिल थे।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ज्वालकट्टा स्थित मिलनवीथी हाई स्कूल के पास हरिकीर्तन मंडप के समीप तीन युवक चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान तीनों आरोपियों को तीन चोरी के दोपहिया वाहनों के साथ पकड़ लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को वाहन चोरी के संगठित नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी मिली।
पूछताछ में कई चोरी का खुलासा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से अलग-अलग स्थानों से बाइक और स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद चोरी किए गए वाहनों को अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखा जाता था। पुलिस ने आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की और उनकी निशानदेही पर 17 दोपहिया वाहन बरामद किए।
बरामद वाहनों में स्प्लेंडर प्लस की कई मोटरसाइकिलों के अलावा पैशन प्रो, होंडा साइन समेत अन्य बाइक और स्कूटी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। बरामद वाहनों के संबंध में संबंधित थाना क्षेत्रों से जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि उनके मालिकों और चोरी की घटनाओं का पता लगाया जा सके।
एसएसपी के निर्देश पर कार्रवाई
जिले में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और चोरी के वाहनों की बरामदगी के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन में मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में गुड़ाबांदा थाना पुलिस ने कार्रवाई की। थाना प्रभारी कुमार सुमित यादव समेत पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर अभियान चलाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रभाष महली (28), पिता चंद्रमोहन महली, जयप्रकाश महली उर्फ प्रकाश (22), पिता सहदेव महली और सचिन महली (23), पिता दुवई महली के रूप में हुई है। तीनों गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के चकशोल, टोला डुगरीगोड़ा के निवासी हैं।
पुलिस ने इस मामले में 24 अगस्त को गुड़ाबांदा थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश कर रही है। साथ ही बरामद 17 वाहनों के संबंध में अन्य थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों का सत्यापन भी किया जा रहा है।
































