फतेह लाइव, रिपोर्टर।
चक्रधरपुर रेल मंडल में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। स्टील एक्सप्रेस में सवार होने के दौरान एक महिला के पर्स से चोरी हुई सोने की चेन बरामद करते हुए एक आरोपी को टाटानगर स्टेशन परिसर से गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को स्टील एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान गम्हरिया निवासी महिला सुनीता वर्मा के लेडीज पर्स से सोने की चेन चोरी हो गई थी। इस संबंध में पीड़ित महिला ने 28 अगस्त 2026 को रेल थाना टाटानगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले की सूचना मिलने के बाद मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ, चक्रधरपुर मंडल एवं रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के मार्गदर्शन में आरपीएफ टाटानगर और जीआरपी टाटानगर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू की। टीम ने स्टेशन और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का गहन अवलोकन कर एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की।
इसके बाद संदिग्ध को टाटानगर स्टेशन परिसर से पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की गई सोने की चेन बरामद कर ली गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भगवान चौधरी (24 वर्ष), निवासी कोटशीला के रूप में हुई है।
बरामद सोने की चेन का वजन 4.830 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 81 हजार रुपये है। आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है।
यह पूरी कार्रवाई आरपीएफ के एएसआई बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में की गई। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने सामान और कीमती वस्तुओं की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की भी अपील की है।



































