एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली, पूर्वी सिंहभूम में 25 नवंबर तक चौपाल और नुक्कड़ सभाओं के जरिए मतदाताओं को जागरूक करने की तैयारी
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की डिस्ट्रिक्ट पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की सातवीं बैठक शनिवार को परिसदन के कॉन्फ्रेंस रूम में जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली की तैयारियों और जिले में अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने की रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पर्यवेक्षक राजेश तिवारी मुख्य अतिथि तथा जिला प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष शशिभूषण राय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगा जनसंपर्क अभियान
बैठक को संबोधित करते हुए राजेश तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। इससे पात्र मतदाताओं के मतदान के अधिकार को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर कांग्रेस तथा इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों की ओर से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को जिला मुख्यालय तक सीमित न रखते हुए प्रखंड, मंडल, पंचायत और गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जिला प्रभारी शशिभूषण राय ने बताया कि 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कार्यक्रमों के साथ चौपाल और नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
चौपाल और नुक्कड़ सभाओं से मतदाताओं को करेंगे जागरूक
पूर्व सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल, नुक्कड़ सभा और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों को मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक करने की जरूरत है। उन्होंने मतदाता सूची में नाम दर्ज रहने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
पूर्व जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) को सक्रियता से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को जनता के बीच जाकर इन मुद्दों पर अपना पक्ष रखना होगा। उन्होंने भाजपा पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने का आरोप भी लगाया।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बैठक का संचालन संजय सिंह आजाद ने किया। इसमें पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद, डॉ. परितोष सिंह, ब्रजेंद्र तिवारी, शिवनाथ मार्डी, रियाजुद्दीन खान, राजा सिंह राजपूत, जिला कोषाध्यक्ष गुरदीप सिंह, महिला कांग्रेस की नलिनी सिन्हा, युवा कांग्रेस के नवनीत मिश्रा, आदिवासी कांग्रेस के हेमेंद्र हंसदा, अनुसूचित जाति विभाग के लखविंदर करूवा, ओबीसी विभाग के सुरेंद्र शर्मा, चाकुलिया नगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा और एनएसयूआई अध्यक्ष सचिन कुमार सिंह समेत अन्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


































