जनसंघ काल से अंतिम दिनों तक पार्टी की सेवा में रहे चंद्रशेखर मिश्रा, उनके निधन से कार्यकर्ता स्तब्ध
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं जनसंघ काल से लेकर जीवन के अंतिम दिनों तक पार्टी की सेवा में समर्पित रहे वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर मिश्रा के निधन पर भाजपा झारखंड के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

अभय सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा जीवनभर पूरी तत्परता और निष्ठा के साथ पार्टी की सेवा में जुटे रहे। विडंबना है कि वे एक दिन पहले ही जमशेदपुर महानगर भाजपा की मासिक बैठक में शामिल हुए थे। बैठक में उन्होंने अपने विचार साझा करते हुए कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर संवाद और समन्वय स्थापित करने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने पर जोर दिया था। उनका अचानक यूं चले जाना पार्टी के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता को स्तब्ध करने वाला है। उनकी कमी की भरपाई करना बेहद कठिन होगा।
उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा एक सुलझे हुए व्यक्तित्व, कर्मठ कार्यकर्ता, मृदुभाषी नेता, कुशल संगठनकर्ता और अच्छे वक्ता एवं विचारक थे। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण सदैव कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
अभय सिंह ने कहा कि उन्होंने चंद्रशेखर मिश्रा के सुपुत्र नवीन मिश्रा से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। साथ ही भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में पार्टी उनके परिवार के साथ खड़ी है और हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहेगी।
अंत में उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा को उनकी सेवाओं, विचारों और संगठन के प्रति समर्पण के लिए सदैव याद किया जाएगा।


































