भगवान सिंह ने रेल मंत्री, डीआरएम और सांसद विद्युत वरण महतो व खेरू महतो को दिया धन्यवाद
शैलेंद्र सिंह और गुरमीत सिंह ने कहा- आंदोलन की पहली जीत, टाटा-जम्मू तवी एक्सप्रेस को रोजाना चलाने के लिए संघर्ष रहेगा जारी
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
टाटानगर से अमृतसर के बीच चलने वाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस के दोबारा परिचालन की घोषणा से सिख समाज सहित जमशेदपुर के विभिन्न समुदायों में खुशी की लहर है। इस फैसले को सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) के नेतृत्व में चलाए गए आंदोलन की पहली सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
ट्रेन का परिचालन दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर सीजीपीसी के नेतृत्व में विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों, सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और दूसरे समुदायों के लोगों ने एकजुट होकर आवाज उठाई थी। दक्षिण पूर्व रेलवे की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, टाटानगर-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस 2 दिसंबर 2026 से 24 फरवरी 2027 तक निर्धारित समय-सारणी के अनुसार चलेगी। वहीं, अमृतसर-टाटानगर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस 4 दिसंबर 2026 से 26 फरवरी 2027 तक परिचालित होगी।
इस उपलब्धि पर सीजीपीसी के प्रधान भगवान सिंह ने रेल मंत्री, संबंधित रेल अधिकारियों, विशेष रूप से डीआरएम, सांसद विद्युत वरण महतो और सांसद खेरू महतो के प्रति दिल की गहराइयों से आभार जताया। उन्होंने साध संगत के साथ-साथ इस आंदोलन में सहयोग देने वाले जमशेदपुर के सभी समुदायों के लोगों का भी धन्यवाद किया।
वहीं, सीजीपीसी के चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह और गुरमीत सिंह ने कहा कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन दोबारा शुरू होना कमेटी द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन की पहली जीत है। हालांकि, रेल यात्रियों की सुविधा के लिए संघर्ष अभी जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि टाटा-जम्मू तवी एक्सप्रेस और जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को टाटानगर से नियमित रूप से प्रतिदिन चलाने की मांग को लेकर सीजीपीसी के प्रधान भगवान सिंह के नेतृत्व में अगला आंदोलन जारी रहेगा।
सीजीपीसी के महासचिव अमरजीत सिंह और गुरु चरण सिंह बिल्ला ने कहा कि इस खुशी के अवसर पर रेल अधिकारियों और सांसद विद्युत वरण महतो से मिलकर उनका आभार व्यक्त किया जाएगा।


































