फतेह लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर के साकची में इन दिनों बाइक से छिनतई करने वाले गिरोह के दो सदस्यों का आतंक है. यह गैंग पुलिस के लिए चुनौती बन चुका है. रविवार को ही बाइक सवार दो बदमाशों ने साकची के रामलीला मैदान के पास एक युवती से पर्स की छिनतई की थी. इस बार फिर बाइक सवार दो युवकों ने साकची एएसजी हाई स्कूल के पास बारीडीह निवासी शिखा जयसवाल से पर्स की छिनतई की. बदमाशों ने पहले शिखा की स्कूटी में बाइक से धक्का मारकर पहले उसे सड़क पर गिरा दिया और फिर पर्स छीनकर फरार हो गए. इधर, घटना के बाद इसकी सूचना साकची पुलिस को दी गई. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी की जांच की और आरोपियों की पहचान की.
शिखा ने बताया कि वह साकची के एक फाइनेनशियल कंपनी में काम करती है. वह अपने काम से जा रही थी. बाइक सवार दोनों युवक बंगाल कल्ब के पास से ही पीछा कर रहे थे. एएसजी आई हास्पिटल के पास दोनों ने बाइक से धक्का मारकर गिरा दिया और पर्स छीनकर फरार हो गए. पर्स में 2500 नकद और दो मोबाइल फोन थे.
इधर, सीसीटीवी फूटेज जांच में यह बात सामने आई है कि एक ही गैंग द्वारा छिनतई की घटना को अंजाम दिया जा रहा है. सीसीटीवी में जो युवक दिखाई दे रहे है उन्हीं युवकों ने रविवार को भी साकची में महिला के साथ पर्स की छिनतई की थी. यह गैंग सिर्फ महिलाओं को निशाना बना रहा है.









































