जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) की कार्यकारिणी बैठक में संगठन मजबूत करने, वोट बचाओ अभियान और एसआईआर प्रक्रिया पर भी बनी रणनीति
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) की जिला स्तरीय कार्यकारिणी बैठक गुरुवार को बिष्टुपुर स्थित तिलक पुस्तकालय में जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में 26 नवंबर को रांची में आयोजित होने वाले संविधान रक्षार्थ मार्च को सफल बनाने के लिए जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी शशिभूषण राय तथा सम्मानित अतिथि के रूप में पूर्व सांसद एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू और प्रदेश सचिव सह पंचायत चुनाव प्रबंधन कमेटी के प्रदेश समन्वयक चंदन सिंह शामिल हुए। शुरुआत में अतिथियों का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया।
बैठक का संचालन कर रहे कार्यालय प्रभारी सह जिला उपाध्यक्ष (संगठन) संजय सिंह आजाद ने संगठनात्मक एजेंडे पर प्रकाश डालते हुए कई प्रस्ताव प्रस्तुत किए। उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में होने वाले संविधान रक्षार्थ मार्च में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
एसआईआर और नए मतदाताओं को लेकर अभियान
बैठक में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया। साथ ही यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए अभियान चलाने का भी प्रस्ताव रखा गया।
इसके अलावा वोट बचाओ-देश बचाओ, संविधान की रक्षा और देश की ज्वलंत समस्याओं को लेकर प्रखंड, मंडल, पंचायत एवं ग्राम स्तर पर जनचौपाल आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
गांवों तक पहुंचाने होंगे जनहित के मुद्दे
जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से निर्धारित कार्यक्रमों को धरातल पर उतारना जिला कमेटी के प्रत्येक पदाधिकारी की जिम्मेदारी है। सभी पदाधिकारी सक्रियता और निष्ठा के साथ संगठन को मजबूत करें तथा जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंचें।
पूर्व सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता ग्राम स्तर पर जनचौपाल लगाकर वोट बचाओ अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा को लेकर राहुल गांधी के प्रयासों तथा इंडिया गठबंधन की भूमिका को जनता के सामने रखने की बात कही। साथ ही पेसा कानून के प्रावधानों और उससे मिलने वाले अधिकारों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
जिला प्रभारी शशिभूषण राय ने कहा कि 26 नवंबर को रांची में होने वाले संविधान रक्षार्थ मार्च में जिले के सभी पदाधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। जिला, प्रखंड और मंडल कमेटियों के साथ सभी मंच एवं मोर्चा के पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल हों।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने प्रदेश नेतृत्व के कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा संविधान, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।
बैठक में उपाध्यक्ष राजकिशोर यादव, वरिष्ठ नेता खगेनचन्द्र महतो, आशुतोष सिंह, अरुण सिंह, जसवंत सिंह जस्सी, महामंत्री राजेश चौधरी, अतुल गुप्ता, मकसूद आलम, ज्योति मिश्र, सुनील प्रसाद, अमित श्रीवास्तव, उदय कुमार सिंह, राजकिशोर प्रसाद, बबलू नौशाद, किशनलाल महतो, गुरदीप सिंह काके, सुखदेव सिंह मल्ली, राकेश साहू, सचिव अजय शर्मा, शिल्पी चक्रवर्ती, रंजीत सिंह, रंजीत झा, लव कुमार निराला, ईशान पात्रा, गीता सिंह, सुशीला पाण्डेय, देवेन्द्र कुमार, पंकज कुमार, सुल्तान अहमद, तनवीर खान, फिरोज खान, शिवनंदन सिंह, सीबू, सूरज मुंडा, संदीप मिश्रा और नमिता सिंह सहित विभिन्न प्रखंडों, मंडलों एवं मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित थे।



































