अनोखी कलाकृति और मां काली की आकर्षक प्रतिमा होगी विशेष आकर्षण, दो दिनों तक बंटेगा महाप्रसाद; मातृशक्ति के हाथों होगा पंडाल का उद्घाटन
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के गोलमुरी जॉगर्स पार्क स्थित श्री श्री काली पूजा समिति, नव युवक चेतना मंच की ओर से आगामी काली पूजा के भव्य आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में पूजा पंडाल का भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चारण और पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। पंडित राकेश पांडेय ने पूजा-अर्चना कर मां काली के आगमन और आयोजन की सफलता की कामना की। इस अवसर पर गोलमुरी मंडल भाजपा अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने भी विधिवत पूजा-अर्चना की।
समिति के संस्थापक मंटू तिवारी ने बताया कि समिति हर वर्ष श्रद्धा, भक्ति और कलात्मकता के अनूठे संगम के साथ मां काली की पूजा आयोजित करती है। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं को कुछ नया देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस बार पूजा पंडाल को गिटार की आकर्षक आकृति में तैयार किया जाएगा। अपनी अनूठी बनावट के कारण यह पंडाल शहरवासियों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनने की उम्मीद है। पंडाल में मां काली की अद्भुत और आकर्षक प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।
दो दिनों तक होगा महाप्रसाद वितरण
समिति के मुख्य संयोजक शिव शंकर सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगातार दो दिनों तक महाप्रसाद वितरण किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक भक्त मां का प्रसाद ग्रहण कर सकें।
मातृशक्ति के सम्मान को समर्पित होगा उद्घाटन
इस वर्ष पंडाल का उद्घाटन समाज में मातृशक्ति के सम्मान और सेवा भाव के संदेश के साथ किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में समिति के सदस्यों के परिवारों की महिलाओं के साथ वृद्धाश्रम की माताओं को विशेष सम्मान दिया जाएगा और उनके हाथों पंडाल का उद्घाटन कराया जाएगा। इसके अलावा सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़ी महिलाएं भी समारोह में शामिल होंगी।
समिति का उद्देश्य धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ समाज में सम्मान, सेवा, समरसता और मातृशक्ति के प्रति आदर की भावना को मजबूत करना है। समिति ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से सपरिवार पहुंचकर मां काली के दर्शन करने तथा पूजा आयोजन में शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
ये रहे उपस्थित
भूमि पूजन के अवसर पर चंद्रकेत सिंह, उमेश प्रसाद, मनीष मिश्रा, दिलीप केशरी, शंभू सिंह, आनंद मिश्रा, बिनोद सिंह, अरुण शुक्ला, अप्पू तिवारी, धर्मेंद्र पांडेय, राजेश कुमार, मिथिलेश कुमार, दिलीप प्रमाणिक, मुकेश सिंह, अनिल चौरसिया, नीरज मिश्रा, सुनील सिंह यादव, अमरेंद्र प्रताप सिंह, बिनोद कुमार, राजीव श्रीवास्तव और अशोक राय समेत समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।


































