फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां रेलवे ट्रैक पर एक कर्मचारी का शव बरामद किया गया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान उदय शंकर दानदू के रूप में हुई है। उनके गले में रेलवे का पहचान पत्र (आईडी कार्ड) लटका हुआ मिला, जिससे उनकी पहचान हो सकी। बताया जा रहा है कि वे चाकुलिया स्थित बुकिंग ऑफिस में कार्यरत थे और वर्तमान में घाटशिला में रह रहे थे।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, ड्यूटी से लौटने के दौरान आसनसोल लोकल ट्रेन से गिरने की आशंका जताई जा रही है, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। घटना स्थल धालभूमगढ़ रेलवे स्टेशन से पश्चिम दिशा में लगभग एक किलोमीटर दूर बताया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रेलवे स्टाफ सनातन महतो तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और रेलवे प्रशासन मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल, हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version